Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय प्रो. सुभाष खन्ना ने श्रीलंका में पहली लाइव रोबोटिक सर्जरी कार्यशाला का...

प्रो. सुभाष खन्ना ने श्रीलंका में पहली लाइव रोबोटिक सर्जरी कार्यशाला का किया संचालन

0
6

कोलंबो, 23 अगस्त (आईएएनएस)। स्वागत सुपर स्पेशियलिटी सर्जिकल इंस्टीट्यूट, गुवाहाटी के चीफ ऑफ मिनिमल एक्सेस, जीआई और रोबोटिक सर्जरी प्रो. सुभाष खन्ना ने श्रीलंका की पहली लाइव रोबोटिक सर्जरी कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी के रूप में हिस्सा लिया। यह ऐतिहासिक कार्यशाला कोलंबो के किंग्स हॉस्पिटल में आयोजित की गई।

लाइव सर्जरी करने के लिए प्रो. खन्ना का श्रीलंका मेडिकल काउंसिल में औपचारिक पंजीकरण किया गया, जिससे वह श्रीलंका में ऑपरेशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय सर्जन के रूप में सभी नियामकीय आवश्यकताओं को पूरा करने वाले पहले विशेषज्ञों में शामिल हुए।

यह कार्यक्रम किंग्स हॉस्पिटल में कॉलेज ऑफ सर्जन्स ऑफ श्रीलंका के निर्वाचित अध्यक्ष प्रो. बावंथा गामागे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान अस्पताल में भारत में विकसित एसएसआई मंत्रा सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम के साथ रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई।

कार्यशाला में श्रीलंका भर से करीब 65 सर्जनों और सर्जिकल प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। प्रो. सुभाष खन्ना ने प्रो. बावंथा गामागे के साथ मिलकर रोबोटिक बाइलेटरल टीएपीपी ग्रोइन हर्निया रिपेयर किया। इसके अलावा उन्होंने श्रीलंका की पहली रोबोट-असिस्टेड कोलेसिस्टेक्टॉमी (पित्ताशय की सर्जरी) भी की, जिसे देश की सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

कार्यशाला में रोबोटिक बाइलेटरल टीएपीपी ग्रोइन हर्निया रिपेयर, पहले ओपन ऑपरेशन के बाद दोबारा हुए इनगुइनल हर्निया की रोबोटिक टीएपीपी रिपेयर और रोबोट-असिस्टेड कोलेसिस्टेक्टॉमी जैसी सर्जरियों का लाइव प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में ब्रिटेन से प्रो. चेलैया सेल्वासेकर, प्रो. जिम खान और एन. वेंकट जयंती भी अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी के रूप में शामिल हुए। इनके साथ श्रीलंका के कई वरिष्ठ सर्जनों ने अकादमिक और लाइव ऑपरेटिव सत्रों में भाग लिया।

कार्यशाला के बाद किंग्स हॉस्पिटल में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर एक औपचारिक समारोह आयोजित किया गया। इसमें एसएस इनोवेशंस के संस्थापक, चेयरमैन और सीईओ डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने मुख्य वक्तव्य दिया और भारतीय तकनीक से विकसित एसएसआई मंत्रा सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम को किंग्स हॉस्पिटल को औपचारिक रूप से सौंपा।

इस अवसर पर किंग्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. पालिथा अबेयकून, एमेरिटस प्रो. मोहन डी सिल्वा और श्रीलंका में पहली लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी करने वाले प्रो. के. एल. फर्नांडो सहित चिकित्सा जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

प्रो. सुभाष खन्ना ने कहा, “श्रीलंका में रोबोटिक सर्जरी के नए अध्याय की शुरुआत का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एसोसिएशन ऑफ रोबोटिक एंड इनोवेटिव सर्जन्स ऑफ इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में मैं श्रीलंका के सर्जनों को प्रशिक्षण, शिक्षण और अकादमिक सहयोग देने का पूरा भरोसा देता हूं, ताकि देश में रोबोटिक सर्जरी का सुरक्षित और व्यवस्थित विकास हो सके।”

उन्होंने कहा कि श्रीलंका मेडिकल काउंसिल में उनका औपचारिक पंजीकरण और ऑपरेटिंग अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी के रूप में भागीदारी उनके कार्यों को मिल रही वैश्विक पहचान का प्रतीक है। साथ ही यह कार्यक्रम गुवाहाटी स्थित स्वागत सुपर स्पेशियलिटी सर्जिकल इंस्टीट्यूट के रोबोटिक सर्जरी, सर्जिकल शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग में योगदान को भी रेखांकित करता है।