Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी देशहित के फैसलों का विरोध करते हैं, यह उनकी पुरानी...

राहुल गांधी देशहित के फैसलों का विरोध करते हैं, यह उनकी पुरानी आदत है: के. लक्ष्मण

0
4

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता के. लक्ष्मण ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब भी सरकार सदन के भीतर देशहित में कोई बिल लाती है तो वे और उनकी पार्टी सहित पूरा इंडिया अलायंस विरोध करता है। विपक्ष को देश के लोगों के हित की चिंता नहीं है, लेकिन पीएम मोदी को देश के लोगों की चिंता है और उनके हित में लाए गए बिल सदन में जरूर पास होंगे।

नई दिल्ली में के. लक्ष्मण ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मामले में हमारी पार्टी शुरू से ही इसके समर्थन में रही है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर भी राजनीति करना चाहती है। आजादी के बाद 1952, 1957, 1962 और 1967 में हुए पहले चार आम चुनाव एक साथ ही कराए गए थे। अब वे इसे भी विवाद का मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। देशहित के लिए हमारी सरकार बिल लाती है तो कांग्रेस विरोध करती है, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि देश की जनता देख रही है और सही समय पर जवाब भी मिलेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के साथ हुई बैठक के बारे में के लक्ष्मण ने कहा कि नई टीम के साथ हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में एक परिचय सत्र हुआ। इसके बाद, आने वाले दिनों में संगठन को मजबूत करने, रणनीति बनाने और आगामी राज्य चुनावों के लिए हमारी भूमिका तय करने पर चर्चा हुई। नई बनी समिति में युवाओं, महिलाओं और अनुभवी पार्टी कार्यकर्ताओं को एक साथ लाया गया है। रविवार को हुई बैठक में वंदे मातरम को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया। वंदे मातरम हमारा राष्ट्रीय गीत है, इसलिए कांग्रेस आज इस पर राजनीति करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से आजादी संघर्ष के दौरान वंदे मातरम देशभक्ति की प्रेरणा बना। यह हमारा राष्ट्रगीत है, लेकिन जिस तरह से 15 अगस्त के दिन कांग्रेस कार्यालय में सोनिया गांधी की ओर से राष्ट्रीय गीत का अपमान किया गया। यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। दूसरी ओर 19 अगस्त को कांग्रेस वर्किंग कमेटी में दो पद गाने के मुद्दे पर हुए फैसले ने कांग्रेस की कथनी और करनी के भेद को भी जगजाहिर कर दिया। वंदे मातरम कहते हुए हमारे कितने ही देशभक्तों ने जान की कुर्बानी दी, लेकिन कांग्रेस पार्टी को आज भी सिर्फ तुष्टीकरण ही करना है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता के लक्ष्मण ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों में हमारी भूमिका अहम होगी। पिछले 12 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास और गरीबों के कल्याण की योजनाओं के जरिए सरकार ने लोगों और देश के हित में लगातार काम किया है। पीएम मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे होने के मौके पर हमारी पार्टी ने एक ‘सेवा कार्यक्रम’ शुरू करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि हमें नितिन नवीन की बैठक में संदेश दिया गया है कि हम सभी कार्यकर्ता लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाए।