Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही भाजपा: अवधेश प्रसाद

सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही भाजपा: अवधेश प्रसाद

0
3

अयोध्या, 23 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप, सीएम की पीडीए वाली टिप्पणी, अखिलेश यादव के बयान और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा।

अयोध्या में अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “हालात ये हैं कि सीएम योगी पीडीए से परेशान हैं। उन्हें एहसास हो गया है कि पीडीए मजबूत हो रहा है और वही उन्हें बुरी तरह हराएगा। पीडीए अखिलेश यादव को अगला मुख्यमंत्री बना सकता है, इसलिए वे पीडीए को लेकर चिंतित हैं। इसकी बढ़ती ताकत, बढ़ता जोश और बढ़ता आत्मविश्वास उन्हें परेशान कर रहा है। सीएम योगी जिस भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वह संविधान के खिलाफ है।”

सपा सांसद ने आरोप लगाया, “भाजपा पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, वे इन कोशिशों को और तेज करेंगे। वे लोगों को डराने-धमकाने, उन्हें अपने पाले में लाने और चुनावों में समर्थन हासिल करने के लिए प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।”

चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी पर अवधेश प्रसाद ने कहा, “चीनी पहले 45 रुपए प्रति किलो थी, अब 65 रुपए हो गई है और कहीं-कहीं तो 70 रुपए तक बिक रही है। बहुत बड़े पैमाने पर दामों में वृद्धि से साबित होता है कि सरकार उद्योगपतियों के हिसाब से काम कर रही है। सरकार को प्रदेश के उपभोक्ताओं, युवाओं, किसानों या छात्रों से कोई मतलब नहीं है।”

उन्होंने कहा, “सरकार महंगाई पर ध्यान नहीं दे रही है, बल्कि केवल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी है। उद्योगपतियों को साधा जा रहा है और उन्हें फायदा पहुंचाया जा रहा है। तमाम चीजों के दाम बढ़े हैं, लेकिन चीनी का दाम रातों-रात बढ़ गया है। यह आम जनता के साथ अन्याय है।”