Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल डीपीएल 2026: वॉरियर्स के खिलाफ जीत के साथ स्ट्राइकर्स का अभियान समाप्त

डीपीएल 2026: वॉरियर्स के खिलाफ जीत के साथ स्ट्राइकर्स का अभियान समाप्त

0
4

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 38वें मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ 39 रन से जीत हासिल की। यह मुकाबला रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स 10 में से 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। हालांकि, यह टीम पहले ही खिताबी रेस से बाहर हो चुकी थी। ऐसे में टीम के लिए यह सीजन का अंतिम मैच था। वहीं, 10 में से 5 मुकाबले जीतकर आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने चौथे पायदान पर रहते हुए अपने लीग मुकाबलों का समापन किया है।

अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में कप्तान सार्थक रंजन ने यश डबास के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन जुटाए। सार्थक 10 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद डबास ने यश भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 10 गेंदों में 31 रन जोड़कर टीम को अर्धशतक के पार पहुंचाया। डबास 8 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए।

टीम ने 57 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद यश भाटिया ने गौरव सभरवाल के साथ चौथे विकेट के लिए 39 रन, जबकि कौशल सुमन के साथ पांचवें विकेट के लिए 49 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

यश भाटिया 38 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे, जबकि कौशल ने 26 गेंदों में 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से हर्ष त्यागी ने 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सिद्धांत शर्मा, नवदीप सैनी, अनंत सरीन और समर कोहर ने 1-1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में आउटर दिल्ली वॉरियर्स निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी। प्रियांश आर्य ने यजस शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी की। प्रियांश 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि यजस ने 14 रन का योगदान दिया।

इस टीम ने महज 66 के स्कोर तक अपने 6 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद हर्ष त्यागी ने शिवम शर्मा के साथ सातवें विकेट के लिए 25 रन और सिद्धांत शर्मा के साथ आठवें विकेट के लिए 36 रन जुटाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। हर्ष 33 गेंदों में 5 छक्कों और 1 चौके के साथ 54 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से परीक्षित सहरावत ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि प्रणीत तिवारी ने 2 विकेट चटकाए।