Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पिज्जा डिलीवर करते समय न्यूयॉर्क में पंजाब के युवक की गोली मारकर...

पिज्जा डिलीवर करते समय न्यूयॉर्क में पंजाब के युवक की गोली मारकर हत्या, 13 साल पहले गया था अमेरिका

0
6

न्यूयॉर्क, 24 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका में पंजाब के एक युवक की पिज्जा डिलीवरी करते समय गोली मारकर हत्‍या क‍िए जाने के मामले में न्यूयॉर्क स्थित भारतीय मिशन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और पीड़ित के परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

अमेरिका में रह रहे पंजाब के कपूरथला निवासी 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की 21 अगस्त (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क शहर में पिज्जा डिलीवर करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, गुरदीप 13 साल पहले कर्ज लेकर अमेरिका गए थे। उनका सपना था कि वे अच्छी कमाई करके भारत में रह रहे अपने माता-पिता के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित कर सकें।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शुरुआती आशंका है कि यह हमला लूटपाट की कोशिश के दौरान हुआ हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि गोली चलाने के बाद संदिग्ध हमलावर मौके से फरार हो गया।

पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उन्हें एक व्यक्ति सीने में गोली लगी हुई अवस्था में मिला। सीबीएस न्‍यूज के अनुसार, पैरामेडिक्स उसे तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी पीड़ित के परिवार के संपर्क में हैं।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमें यह जानकर गहरा दुख हुआ कि भारतीय नागरिक गुरदीप सिंह की न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में हुई एक फायर‍िंग की घटना में दुखद मौत हो गई।”

पोस्ट में आगे कहा, “इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं। महावाणिज्य दूतावास परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।”

इस बीच, अधिकारी संदिग्ध की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस घटना से जुड़ी और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।