Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भोपाल में युवाओं से संवाद, अब संभाग और जिला स्तर पर भी...

भोपाल में युवाओं से संवाद, अब संभाग और जिला स्तर पर भी होगा संवाद: सीएम मोहन यादव

0
7

भोपाल, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं से सीधे संवाद करने के लिए नई पहल की है, उन्होंने कृषि नवाचार संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि संभाग और जिला स्तर पर भी कृषि नवाचार संवाद कार्यक्रम होंगे।

भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने और युवाओं को खेती से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में कृषि नवाचार, आधुनिक तकनीक और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अब संभाग एवं जिलास्तर पर कृषि नवाचार संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान कृषि प्रधान राज्य के रूप में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में हर गांव तक स्वच्छ पेयजल और हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज खेती के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। नई तकनीक, नई फसलों, आधुनिक कृषि यंत्रों, उद्यानिकी, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा कृषि आधारित उद्यमिता को अपनाकर युवा कृषि को लाभ का व्यवसाय बना सकते हैं।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य के कई विश्वविद्यालयों में कृषि संकाय की पढ़ाई प्रारंभ की गई है। युवा कृषि शिक्षा प्राप्त कर नई संभावनाओं के द्वार खोलें और कृषि की जड़ों से जुड़े रहते हुए नवाचार करें। किसान पॉलीहाउस, वेयरहाउस, फूड प्रोसेसिंग और अन्य कृषि आधारित उद्यम स्थापित कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कम भूमि में अधिक लाभ के लिए उद्यानिकी फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पॉलीहाउस में गुलाब सहित विभिन्न फूलों की खेती, मशरूम फार्मिंग, पर्ल फार्मिंग और मधुमक्खी पालन जैसे कार्य युवा कम लागत में शुरू कर सकते हैं। मशरूम एवं पर्ल फार्मिंग तो घर के एक कमरे से भी प्रारंभ की जा सकती है।