Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल दलीप ट्रॉफी: ईस्ट जोन के सामने दबाव में नॉर्थ ईस्ट, रोमांचक हुआ...

दलीप ट्रॉफी: ईस्ट जोन के सामने दबाव में नॉर्थ ईस्ट, रोमांचक हुआ नॉर्थ और वेस्ट जोन का मुकाबला

0
13

बेंगलुरु, 24 अगस्त (आईएएनएस)। दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले बेंगलुरु में खेले जा रहे हैं। क्वार्टर फाइनल-1 में दूसरे दिन की समाप्ति तक ईस्ट जोन ने अपना दबदबा बना रखा है, जबकि क्वार्टर फाइनल-2 में नॉर्थ जोन और वेस्ट जोन का मैच रोमांचक मोड़ पर है।

बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 में खेले जा रहे ‘क्वार्टर फाइनल-1’ में नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा है। यह टीम दूसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में बगैर कोई विकेट गंवाए 7 रन बना चुकी है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में 467 रन बनाए। इस टीम के लिए सुदीप कुमार ने 26 बाउंड्री के साथ 146 रन बनाए, जबकि शाहबाज अहमद ने 4 छक्कों और 17 चौकों की मदद से 167 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कुमार कुशाग्र ने 55 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से आकाश चौधरी और फेरोइजम जोतिन ने 3-3 विकेट निकाले। 2 विकेट बिश्वोरजीत कोंथौजम के हाथ लगे।

इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन पहली पारी में सिर्फ 111 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 106 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद 111 के स्कोर पर चार विकेट गिरे। अभिजीत सरकार ने 43वें ओवर में तीन विकेट निकाले। इस पारी में नॉर्थ ईस्ट जोन के लिए अर्पित सुभाष ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने 21 रन की पारी खेली। छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। विपक्षी खेमे से अभिजीत सरकार ने 20 रन देकर 5 विकेट झटके। शाहबाज अहमद ने 3 विकेट चटकाए।

वहीं, बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में जारी ‘क्वार्टर फाइनल-2’ में दूसरे दिन की समाप्ति तक नॉर्थ जोन के पास 171 रन की बढ़त है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ जोन ने पहली पारी में आयुष बडोनी (51) और अंशुल कंबोज (60) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 251 रन बनाए। इस पारी में तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे को 4-4 विकेट हाथ लगे। इसके जवाब में वेस्ट जोन पहली पारी में सिर्फ 187 रन पर सिमट गई। इस पारी में शम्स मुलानी ने 52 रन बनाए। आबिद मुश्ताक को सर्वाधिक 5 विकेट हाथ लगे, जबकि अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट निकाले।

नॉर्थ जोन के पास पहली पारी के आधार पर 64 रन की बढ़त थी। इस टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 107 रन बनाकर अपनी बढ़त को 171 रन तक पहुंचा दिया। इस पारी में अब्दुल समद 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी ने अपने खाते में 39 रन जुटा लिए हैं। विपक्षी खेमे से शम्स मुलानी और तनुष कोटियन को 2-2 विकेट हाथ लगे हैं।