नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच 27 अगस्त से लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत होगी, जिससे पहले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को टीम से बाहर कर दिया गया है, क्योंकि क्रिकेट रेगुलेटर एक नाइटक्लब घटना की जांच करेगा, जिसमें कार्स कथित तौर पर शामिल थे।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने पुष्टि की है कि यह तेज गेंदबाज लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे मैच में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होगा। कार्स की जगह हैम्पशायर के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सोनी बेकर को टीम में शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह फैसला हाल ही में हुई एक नाइटक्लब घटना के बाद लिया गया है। कुछ दिनों पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कार्स को एक नाइटक्लब के बाहर पुलिस द्वारा हथकड़ी लगाए हुए देखा गया, जिसके बाद ईसीबी ने मामले की जांच शुरू की।
एक वायरल वीडियो में कार्स के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए नजर आ रहे हैं और पुलिस ने उन्हें घेर रखा है। वह डरहम के अपने साथी खिलाड़ी मैथ्यू पॉट्स से बात कर रहे थे। इस वीडियो के बैकग्राउंड में इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी नजर आ रहे हैं।
रविवार को इस मामले पर बात करते हुए ईसीबी ने कहा, “हमें उस घटना के बारे में पता है। बताया जा रहा है कि यह घटना कल रात डर्बी में हुई थी। हम अभी इसकी जांच कर रहे हैं। जब संभव होगा, हम आगे की जानकारी देंगे।”
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट मैच पारी और 103 रनों से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
ब्रायडन कार्स अपने टेस्ट करियर के 14 मुकाबलों में 30.18 की औसत के साथ 58 विकेट हासिल कर चुके हैं। बतौर बल्लेबाज उन्होंने 23 पारियों में 17.85 की औसत के साथ 357 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है।
कार्स घरेलू मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ तीन में से दो टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें लीड्स में खेले गए पहले मैच में नहीं चुना गया, जिसके बाद उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में डरहम के लिए खेलते हुए 82 रन देकर 2 चटकाए। इसके अलावा, बल्ले से कुल 26 रन बनाए, उनकी टीम ने डर्बीशायर को मात दी। घटना के समय कार्स अपने साथियों के साथ इसी जीत का जश्न मनाने गए थे।

