Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम-कुसुम योजना: सोलर पंप से हरियाणा के किसान को सिंचाई में मिली...

पीएम-कुसुम योजना: सोलर पंप से हरियाणा के किसान को सिंचाई में मिली राहत, बिजली के इंतजार का झंझट खत्‍म

0
5

झज्जर, 24 अगस्‍त (आईएएनएस)। पीएम-कुसुम (प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान) योजना के तहत सोलर पंपों से हरियाणा के किसानों को सिंचाई में राहत मिली है।

झज्जर जिले के खाजपुर गांव के किसान परवीन कुमार का कहना है कि सरकार की सब्सिडी से लगाए गए सोलर पंप ने उनकी खेती और नर्सरी के काम को आसान बना दिया है। एक तो सरकार की तरफ से सब्सिडी है दूसरा सोलर पंप के इतने ज्यादा फायदे हैं कि किसान को बिजली के बारे में सोचना भी नहीं पड़ता कि कब लाइट आएगी, कब लाइट आएगी और अपनी इच्छा अनुसार दिन के समय ही अपनी भराई का काम पूरा हो जाता है।

योजना का लाभ उठाने वाले किसान परवीन कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि मेरे पास तीन एकड़ जमीन है और मैंने सोलर पंप लगवाया है। सोलर पंप से हमें बहुत फायदा होता है और सरकार सब्सिडी भी देती है। किसान को सिर्फ 25 प्रतिशत हिस्सा देना होता है, जबकि 75 प्रतिशत सब्सिडी के तौर पर मिलता है। सोलर पंप के इतने फायदे हैं कि अब किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की चिंता नहीं करनी पड़ती।

किसान परवीन कुमार ने कहा मैंने एक छोटी सी नर्सरी भी चला रखी है। नर्सरी के अंदर भी पहले मेरे को बहुत ज्यादा परेशानी आती थी कि कब लाइट आएगी या नर्सरी के अंदर पानी चलाएंगे। अब मैं अपनी इच्छा से दिन के समय पूरा काम कर लेता हूं। सोलर पंप का यह सबसे ज्यादा फायदा है कि रात का समय अपने आराम से रहो। सोलर पंप से उनकी नर्सरी के काम में भी काफी सुविधा हुई है। पहले बिजली आने का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब वह दिन में ही अपनी जरूरत के अनुसार पानी चला लेते हैं।

परवीन कुमार ने कहा कि सोलर पंप से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता पर निर्भरता कम करने, दिन के समय अपनी सुविधा के अनुसार सिंचाई करने और खेती के साथ नर्सरी जैसे अतिरिक्त कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिल रही है।