Tuesday, August 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘दीपेंद्र हुड्डा को बदनाम करने की साजिश’, भाजपा आईटी सेल पर बरसे...

‘दीपेंद्र हुड्डा को बदनाम करने की साजिश’, भाजपा आईटी सेल पर बरसे कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स

0
5

झज्जर, 24 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लेकर छिड़े विवाद पर झज्जर से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने सोमवार को प्रतिक्रिया दी। वत्स ने भाजपा आईटी सेल पर दीपेंद्र हुड्डा को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

कुलदीप वत्स ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “अगर दीपेंद्र हुड्डा ने कहीं भी सज्जन कुमार को अपना रोल मॉडल या आइडियल बताया हो तो इसका सबूत दिखाया जाए; नहीं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। दीपेंद्र हुड्डा हमारे लिए बहुत सम्मानित हैं। वह वीरों के वीर हैं। सिर्फ उन्हें बदनाम करने के लिए ऐसा कहा जा रहा है।”

दरअसल, यह विवाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप शर्मा के एक पत्र के बाद शुरू हुआ था, जिसमें दीपेंद्र हुड्डा के कथित बयान को लेकर नाराजगी जताई गई थी। इस पर पलटवार करते हुए कुलदीप वत्स ने कहा, “हुड्डा और कुलदीप शर्मा के बहुत अच्छे रिश्ते हैं। मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं। कुलदीप शर्मा जाकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल से बात करते, लेकिन वे चिट्ठी लिख रहे हैं, जो भाजपा नेताओं के पास जा रही है। उसी समय पंजाब के चन्नी भी एक पत्र लिखते हैं, यह संयोग नहीं हो सकता।”

वत्स ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब चुनाव को देखते हुए भाजपा का एजेंडा फिक्स है और वह किसी भी तरह से चुनाव को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने कहा, “पंजाब की धरती वीरों की धरती है। भाजपा एक बात दिमाग में डाल ले कि वह जितनी भी चीजें कर ले, लोग उनके बहकावे में नहीं आने वाले।”

दीपेंद्र हुड्डा के बचाव में उतरे वत्स ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा, “कौम और धर्म कभी बुरा नहीं होता, कुछ लोग बुरे हो सकते हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने साफ कहा कि अगर किसी साथी को उनकी बात बुरी लगी हो तो वह क्षमा चाहते हैं। किसी भी समाज के प्रति उनका द्वेष नहीं है।”

जाति-धर्म की राजनीति पर भड़के वत्स ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सब भाई-भाई हैं और कुछ नेता सिर्फ समाज को दूषित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा, “नफरत की भाषा अगर कांग्रेस का नेता भी बोलेगा तो पार्टी मजबूत नहीं होगी।”

वत्स ने दोहराया कि दीपेंद्र हुड्डा का सभी धर्मों और समाजों के प्रति सम्मान है और उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है ताकि कांग्रेस को कमजोर किया जा सके।