सक्ती, 25 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सोंठी गांव में एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना सक्ती थाना क्षेत्र के सोंठी वार्ड नंबर 11 निवासी कमला बाई यादव के घर हुई। कमला बाई ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे परिवार के साथ खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। रात करीब 3 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि घर की आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और पोस्ट ऑफिस व बैंक की पासबुक, खेत की पर्ची, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज गायब मिले।
कमला बाई के अनुसार, उनके बेटे कृष्णचरण यादव का मोबाइल भी चोरी हो गया था। घर से लगे नाश्ता होटल में रखे करीब 20 पैकेट सिगरेट भी चोर ले गए। घर की जांच में पीछे के दरवाजे का डंडा हटाकर चोर के अंदर प्रवेश करने के निशान मिले। आरोपी जाते समय मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर फरार हो गए। फ्रिज से पानी की बोतल निकालकर आधा पानी पीने की बात भी सामने आई।
दूसरी घटना सोंठी फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे रहने वाले देवराम पटेल के घर हुई। देवराम पटेल के मुताबिक, 28 जुलाई की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के सामने और पीछे बाउंड्रीवाल के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया गया था। सुबह करीब 8 बजे उठने पर घर की आलमारी और बरामदे का लोहे का दरवाजा खुला मिला। आलमारी में रखे बैग से करीब सवा तोला वजनी सोने का हार, झुमका-कनोती, टॉप्स, सोने के फदक, चार जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का मंगलसूत्र, चार चांदी की अंगूठियां, आधार कार्ड और सोने-चांदी के बिल गायब मिले। चोरी किए गए जेवरात की कीमत करीब 2 लाख 95 हजार रुपये बताई गई।
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका लगभग समान पाए जाने पर सक्ती पुलिस ने इसे एक ही गिरोह की करतूत मानकर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पतासाजी की। सूचना के आधार पर बलवीर सतनामी, फलेश साहू और समीर डेनियल सभी निवासी सोंठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
एडिशनल एसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों घरों में चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के बाद सामान आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाने की जानकारी भी सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि कुछ सोने-चांदी के जेवरात अमित अग्रवाल, बनवारीलाल प्रेमचंद ज्वेलर्स सक्ती को बिक्री के लिए दिए गए थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों घटनाओं में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 85 हजार रुपये है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 24 अगस्त को चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बलवीर सतनामी (22), फलेश साहू (26), समीर डेनियल (19), तीनों निवासी सोंठी और अमित अग्रवाल (45) निवासी सक्ती शामिल हैं।



