Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home राजनीति संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : नरेंद्र...

संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : नरेंद्र सिंह तोमर

0
4

जबलपुर, 25 अगस्त (आईएएनएस ) । मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना होगा । जबलपुर के मध्य विधानसभा क्षेत्र के शांति नगर में आयोजित संत शिरोमणि रविदास की कलश वंदन यात्रा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संत रविदास ने सामान्य परिवार में जन्म लेकर अपने जीवन, आचरण और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संत रविदास द्वारा दिखाया गया मार्ग आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके विचार समाज में भेदभाव को समाप्त कर समानता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों और संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है तथा प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज में सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। सामाजिक समरसता के माध्यम से ही आपस में मेलजोल को बढ़ाया जा सकता है।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम