SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ईरान-ओमान बातचीत में सुरक्षित जलमार्ग बहाली पर चर्चा, होर्मुज स्ट्रेट में खुलेगा...

ईरान-ओमान बातचीत में सुरक्षित जलमार्ग बहाली पर चर्चा, होर्मुज स्ट्रेट में खुलेगा अस्थायी समुद्री गलियारा

0
5

नई द‍िल्‍ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत के बाद होर्मुज स्ट्रेट में अस्थायी समुद्री गलियारा बनाने और सुरक्षित जहाजरानी बहाल करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है।

ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”तेहरान में मेरे सहयोगी डॉ. अराघची के साथ सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत हुई। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही होर्मुज स्‍ट्रेट के लिए एक अस्थायी समुद्री गलियारे (कॉरिडोर) और सुरक्षित जहाजरानी बहाल करने के लिए व्यावहारिक व्यवस्थाओं की घोषणा करेंगे।”

अल बुसैदी ने कहा क‍ि होर्मुज स्‍ट्रेट के भविष्य के प्रबंधन और स्थायी समाधान पर आगे चलकर काम किया जाएगा, जैसा कि इस्लामाबाद मेमोरेंडम के अनुच्छेद 5 में उल्लेख किया गया है। उन्‍होंने कहा क‍ि क्षेत्रीय साझेदारों के साथ बातचीत शांति, सहयोग, स्थिरता और समुद्री मार्गों पर स्वतंत्र तथा सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जारी रखी जाएगी।

ईरान के वर्तमान विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी पाकिस्तान और ओमान के प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत में क्षेत्र की समस्याओं का समाधान पर जोर देने की बात कही।

अराघची ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”ईरान की शांति और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता उतनी ही मजबूत है जितनी उसके पड़ोसी देशों के साथ उसके लगातार कूटनीतिक प्रयास। पाकिस्तान और ओमान से आए प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत में इस बात पर जोर दिया गया कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान क्षेत्र के देशों को मिलकर निकालना चाहिए।”

अराघची ने कहा क‍ि होर्मुज स्‍ट्रेट के लिए नए समुद्री गलियारे (कॉरिडोर), संयुक्त रूप से बारूदी सुरंगों को हटाने (माइन-क्लियरिंग) और भविष्य में इसके प्रबंधन के लिए जो ढांचा प्रस्तावित किया गया है, वह इसी सोच का एक उदाहरण है।