नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए रामागुंडम फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (आरसीएफएल) ने अपने रामागुंडम प्लांट (तेलंगाना) और कॉर्पोरेट ऑफिस (नोएडा) के लिए इंजीनियर सहित विभिन्न 40 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आरसीएफएल की ओर से जारी 40 रिक्तियों में इंजीनियर (ई-1) (केमिकल) के 12, असिस्टेंट मैनेजर (ई-2) (केमिकल) के 4, डिप्टी मैनेजर (ई-3) के 2, इंजीनियर (ई-1) (मैकेनिकल) के 3, इंजीनियर (ई-1) (इलेक्ट्रिकल) के 3, ऑफिसर (ई-1) (मटीरियल्स) के 4, असिस्टेंट मैनेजर (ई-2) (ट्रांसपोर्टेशन) का 1, ऑफिसर (ई-1) (ह्यूमन रिसोर्स) का 1, ऑफिसर-सेक्रेटेरियल (ई-1) (ह्यूमन रिसोर्स) का 1, एडिशनल सीएमओ (ई-4) (मेडिकल) का 1, सीएमओ (ई-5) (मेडिकल) का 1, अकाउंट्स ऑफिसर (ई-1) (फाइनेंस और अकाउंट्स) के 3, असिस्टेंट मैनेजर (ई-2) (फाइनेंस और अकाउंट्स) के 2, चीफ मैनेजर (ई-6) (फाइनेंस और अकाउंट्स) का 1 और इंजीनियर (ई-1) (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) का 1 पद शामिल है।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 26 अगस्त की सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आरसीएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ ‘उप महाप्रबंधक (एचआर), रामागुंडम फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड, कॉर्पोरेट कार्यालय, चौथी मंजिल, विंग – ए, कृभको भवन, सेक्टर-1, नोएडा, उत्तर प्रदेश – 201301’ पते पर डाक के माध्यम से 1 अक्टूबर तक या उससे पहले पहुंचाना होगा।
वहीं, दूरदराज के इलाकों में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी मिलने की आखिरी तारीख 8 अक्तूबर तय है। इन इलाकों में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश, हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले और चंबा जिले का पांगी सब-डिवीजन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह व लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग), किसी भी स्पेशलाइजेशन में इंजीनियरिंग में डिग्री या फुल-टाइम रेगुलर एमबीए, एमबीए/इंटीग्रेटेड एमबीए/पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या कम से कम 2 वर्ष का डिप्लोमा, एमबीबीएस या एमडी/एमएस, सीए या सीएमए या दो वर्ष का स्पेशलाइजेशन के साथ एमबीए, आदि होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडटे्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 1 से 18 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 40,000 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पोस्ट के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 700 से 1,000 रुपए के बीच के साथ बैंक के अतिरिक्त प्रोसेसिंग शुल्क तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम और विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
