लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए महाराजगंज और कुशीनगर में स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन को नदियों के जलस्तर पर नजर रखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन को पूर्ण सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महाराजगंज जिले के कुछ गांवों को संभावित बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। इनमें सोहगीबरवा, भोतियाही और शिकारपुर शामिल हैं। नेपाल से आने वाले पानी का दबाव बढ़ने पर इन क्षेत्रों में बाढ़ का असर दिखाई दे सकता है। फिलहाल, हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले घंटों में नेपाल से आने वाले पानी के आधार पर यूपी में बाढ़ की स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
