SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीनी ओपन सोर्स एआई मॉडल के डाउनलोड 10 अरब के पार

चीनी ओपन सोर्स एआई मॉडल के डाउनलोड 10 अरब के पार

0
7

बीजिंग, 26 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय ने बुधवार सुबह ’15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत’ विषय पर संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया।

इस दौरान चीनी उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021 से 2025) के बाद से चीन के ओपन सोर्स एआई बड़े भाषा मॉडल दुनियाभर में 10 अरब से अधिक बार डाउनलोड किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026 से 2030) के दौरान चीन एआई जैसी नई पीढ़ी की सूचना प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाना जारी रखेगा।

इसी क्रम में, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूचना एवं संचार विकास विभाग के महानिदेशक ल्यू यूलिन ने तीन प्रमुख रणनीतियों की जानकारी दी। पहली रणनीति आपूर्ति क्षमता को मजबूत करना है। इसके तहत अनुसंधान एवं विकास में निवेश बढ़ाया जाएगा और प्रमुख तकनीकी चुनौतियों को दूर करने के लिए संसाधनों को एकजुट किया जाएगा। साथ ही, ‘औद्योगिक डेटा निर्माण’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत अनुभवी कारीगरों के ज्ञान, उत्पादन लाइन से जुड़ी जानकारी और निरीक्षण के तरीकों को उपयोगी डेटा संसाधनों में बदला जाएगा। इसके अलावा, ‘एआई + सॉफ्टवेयर’ पहल के जरिए बुनियादी और औद्योगिक सॉफ्टवेयर को अधिक स्मार्ट बनाया जाएगा।

दूसरी रणनीति एआई के अनुप्रयोगों को बढ़ावा देना है। इसके तहत अलग अलग उद्योगों को अपने अनुप्रयोगों के लिए नए इस्तेमाल के क्षेत्र विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि सॉफ्टवेयर और एआई एजेंट वास्तविक परिस्थितियों में लगातार बेहतर हो सकें। साथ ही, कंपनियों को पेशेवर सेवा टीमें बनाने और केवल सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से आगे बढ़कर बेहतर ‘सेवा अनुभव’ देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

तीसरी रणनीति ओपन सोर्स पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है। खास तौर पर एआई के क्षेत्र में ओपन सोर्स तकनीक के विकास पर जोर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके लाभ उठा सकें। साथ ही, ओपन सोर्स प्रतिभाओं को तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसी संस्कृति विकसित करना है, जिसमें लोग ओपन सोर्स तकनीक को समझें, उसका इस्तेमाल करें और इसके विकास में योगदान दें। इससे उद्यमियों और डेवलपर्स के लिए बेहतर और सहयोगी माहौल तैयार करने में मदद मिलेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)