काठमांडू, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर पीएम बालेंद्र शाह को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सांसद और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की नेता विदूषी राणा ने ये ‘भरोसा’ देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है।
राणा ने आईएएनएस से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं वास्तव में पीएम मोदी की बहुत आभारी हूं क्योंकि जैसे ही यह घटना हुई, उन्होंने दिल छू लेने वाला बयान दिया । पीड़ित परिवारों और देश के प्रति संवेदना संदेश भेजा, वो प्रशंसनीय है। हमें भारत से पहले ही बहुत सारी राहत सामग्री मिल चुकी है। हर बार जब कोई आपदा आती है, तो हमें भारत से मदद मिलती है।”
विदूषी राणा ने स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पूरा देश इस समय बेहद दुखद दौर से गुजर रहा है और सरकार बचाव एवं राहत अभियानों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा, “जो कुछ हुआ है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पूरी रात लोगों और उन परिवारों के बारे में सोचते हुए बिताई, जो अपने बच्चों और प्रियजनों के लापता होने से परेशान हैं। हम बस अच्छी खबर आने और यह जानने की उम्मीद कर रहे हैं कि सब ठीक है।”
राणा ने मौजूदा स्थिति को बेहद विनाशकारी बताते हुए कहा कि 2015 के नेपाल भूकंप के बाद यह देश की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस घटना से बेहद दुखी है, लेकिन सरकार तत्काल सक्रिय होकर राहत और बचाव कार्यों में जुट गई है।
उन्होंने कहा, “मैं नेपाल की सांसद भी हूं और हमने बचाव के लिए काफी काम शुरू कर दिया है। इस समय हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण काम बचाव अभियान चलाना है।”
वहीं, भारत और नेपाल के संबंधों पर बात भी राणा ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत जैसे पड़ोसी देश के साथ अपने संबंधों को पर नेपाल को नाज है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा केवल भौगोलिक सीमा नहीं है, बल्कि यह लोगों, संस्कृतियों और परंपराओं को जोड़ती है।
उन्होंने कहा, ” भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का संबंध है, जहां दोनों देशों के लोगों के बीच वैवाहिक रिश्ते भी हैं। दोनों देशों के संबंध केवल आज के दौर में विकसित नहीं हुए हैं, बल्कि ऐतिहासिक और भौगोलिक रूप से दोनों देश लंबे समय से एक-दूसरे से जुड़े रहे हैं।”
राणा ने कहा कि मौजूदा समय भारत और नेपाल के लिए संबंधों को और मजबूत करने का अवसर है तथा नेपाल भारत से बड़ी मात्रा में आयात भी करता है।
वहीं, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनय सहस्रबुद्धे ने भी नेपाल में सामने आ रही स्थिति पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया में सामने आ रहे दृश्य आ रहे हैं, जो बहुत डरावने हैं। इनसे लोगों को गहरा दुख और पीड़ा हो रही है।
सहस्रबुद्धे ने कहा कि भारत सरकार और भारतीय जनता ने नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने फ्लैश फ्लड के कारण एक पुल के बह जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के समय भारत और नेपाल के बीच संबंध और मजबूत इसलिए होते हैं क्योंकि हमारा रिश्ता संवेदना का, दिल और भावना का है।
