चेन्नई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। चेन्नई के पास गुडुवांचरी में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसके शरीर के टुकड़े कर दिए और कुछ हिस्सों को बिरयानी बनाने वाले बर्तन में सब्जियों तथा मैदे के साथ पकाया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की स्पेशल टीम ने मणिपुर से फरार कपल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तब सामने आया जब आगरा रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के पहुंचने पर एक लावारिस सूटकेस मिला। उसमें महिला के शरीर के कटे हुए टुकड़े रखे हुए थे। जांच शुरू हुई तो सूटकेस के अंदर प्लास्टिक कवर पर चेन्नई की एक जानी-मानी टेक्सटाइल कंपनी का नाम मिला। इससे पुलिस का ध्यान चेन्नई की ओर गया।
चेन्नई और आसपास के इलाकों में 350 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। इससे पता चला कि एक कपल गुडुवांचरी जाने से पहले ट्रेन में वह सूटकेस रखकर चला गया था। इसके बाद पुलिस गुडुवांचरी के उस किराए के मकान में पहुंची, जहां कपल रहता था। वहां शव का बाकी हिस्सा मिला।
जांच में पता चला कि कपल ने शरीर के कुछ हिस्सों को पकाने के बाद बाकी टुकड़ों को सूटकेस में रखकर ट्रेन से भेज दिया और खुद भागने की कोशिश की। मृतक महिला की पहचान हैथुल निशा के रूप में हुई है। वह तांबरम के पास एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।
पुलिस की स्पेशल टीम ने सबसे पहले मणिपुर में ओडिशा के रहने वाले बाईस वर्षीय माणिक लस्कर को गिरफ्तार किया। हत्या के बाद वह वहां छिपा हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी भागमती माझी को भी मणिपुर से पकड़ लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि हैथुल निशा और माणिक लस्कर की जान-पहचान काम के दौरान हुई थी। यह रिश्ता बाद में अवैध संबंध में बदल गया।
माणिक की पत्नी भागमती को इस बात की जानकारी हुई तो उसने आपत्ति जताई। इसके बाद झगड़ा बढ़ा और कपल ने हैथुल निशा की हत्या की साजिश रची। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। पुलिस ने गिरफ्तार कपल से कड़ी पूछताछ की और आगे की जांच जारी है।
