नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज यानी 29 अगस्त से 31 अगस्त तक तमिलनाडु, कर्नाटक, केरलम और लक्षद्वीप के दौरे पर हैं। इस क्रम में उपराष्ट्रपति शनिवार को बेंगलुरु स्थित एचएएल हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां उनका स्वागत किया गया।
वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि आज बेंगलुरु स्थित एचएएल हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का हार्दिक स्वागत किया गया। कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद, सांसद लहर सिंह सिरोया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति आज बेंगलुरु के विधान सौधा में रामकृष्ण हेगड़े जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
तीन दिवसीय दौरे में उपराष्ट्रपति शिक्षा, सार्वजनिक सेवा, सांस्कृतिक विरासत, उद्योग-अकादमिक सहयोग, मत्स्य ग्रहण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम और प्रमुख सार्वजनिक समारोहों सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उपराष्ट्रपति 29 अगस्त को तमिलनाडु के इरोड में कोंगू वेल्लालर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ट्रस्ट-केवीआईटीटी के संस्थापक दिवस समारोह में भाग लेंगे।
बाद में दिन में, उपराष्ट्रपति बेंगलुरु रवाना होंगे, जहां वे विधानसौधा में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
उपराष्ट्रपति 30 अगस्त को केरलम का दौरा करेंगे। सीपी राधाकृष्णन के दौरे की शुरूआत अलाप्पुझा से होगी जहां वे लियो हायर सेकेंडरी स्कूल में केरल कौमुदी की 115वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे।
इसके बाद उपराष्ट्रपति पथानामथिट्टा जाएंगे, जहां वे अरनमुला जल महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे। बाद में राधाकृष्णन तिरुवनंतपुरम की यात्रा करेंगे, जहां वे केरलम के प्रमुख सांस्कृतिक त्योहार ओणम संबंधी एक उत्सव का उद्घाटन करेंगे।
उपराष्ट्रपति 31 अगस्त को लक्षद्वीप के अगत्ती का दौरा करेंगे, जहां वे मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे।
केरलम लौटकर सीपी राधाकृष्णन राजगिरी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी-आरएसईटी के रजत जयंती समारोह और आरएसईटी ऑडिटोरियम, कक्कानाड, कोच्चि में कॉन्फ्लुएंस 3.0 उद्योग-अकादमिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
