नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील दीपक खत्री की पुलिस कस्टडी पांच दिन और बढ़ा दी है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से 10 दिन की अतिरिक्त कस्टडी की मांग की थी। हालांकि कोर्ट ने दीपक खत्री को केवल पांच दिन के लिए ही पुलिस रिमांड पर भेजा है।
दरअसल, दीपक खत्री की तीन दिन की पुलिस कस्टडी शनिवार को पूरी हो रही थी, जिसके बाद उसको कोर्ट में पेश किया गया था। दीपक को लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का हिस्सा बताया जाता है। उसको (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम, 1967) यूएपीए के दर्ज उस मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें अवैध हथियारों की सप्लाई और रंगदारी से जुड़े आरोपी की जांच की जा रही है।
डीसीपी संजीव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 45 वर्षीय दीपक खत्री उर्फ मामा पिछले एक दशक से बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। हाल ही में हथियारों की तस्करी मामले में उसकी भूमिका सामने आई है।
केस से जुड़े एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दीपक खत्री ने दो साल पहले मेरठ के वेंकटवेश्वर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। अधिकारी ने बताया कि मेरठ से पढ़ाई के बाद खत्री ने दिल्ली बार काउंसिल की मेंबरशिप ली और निचली अदालतों में वकालत करने लगा।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले खत्री कथित तौर पर मुवक्किलों की व्यवस्था करते थे, समझौतों में हिस्सा लेते थे, और दिल्ली की निचली अदालतों के वकीलों के लिए संपर्क सूत्र का काम करते थे।
