SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ‘पीडीए’ से घबराए हुए हैं संकीर्ण सोच वाले लोग, सत्ता में आए...

‘पीडीए’ से घबराए हुए हैं संकीर्ण सोच वाले लोग, सत्ता में आए तो गरीबों का मुफ्त इलाज और दवा देंगे: अखिलेश यादव

0
5

लखनऊ, 29 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था, जनसुविधाओं और सरकारी संपत्तियों के कथित व्यावसायीकरण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में संकीर्ण सोच रखने वाले लोग ‘पीडीए’ से घबराए हुए हैं और चुनाव में पीडीए से ज्यादा गंभीर कोई मुद्दा नहीं है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर गरीबों को इलाज और दवाएं मुफ्त मिलेंगी तथा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए भी किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। सपा अध्यक्ष ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बसपा, भाजपा और एआईएमआईएम के नेताओं को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। इनमें पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख शामिल रहे। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि इनके समाजवादी पार्टी में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में संकीर्ण सोच रखने वाले लोग पीडीए से काफी घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा, “न जाने क्यों ये पीडीए से घबराते हैं। पी और डी से किसी के पेट में दर्द हो रहा है।” उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पीडीए से ज्यादा गंभीर कोई मुद्दा नहीं है और सामाजिक न्याय तथा सभी वर्गों की भागीदारी का सवाल चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रक्षा बंधन के दौरान महिलाओं को मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने के सरकार के दावे पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मुफ्त बस सेवा देने की घोषणा तो की, लेकिन धरातल पर इसके लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि केवल घोषणा करने से किसी योजना का लाभ जनता तक नहीं पहुंचता, उसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करनी होती हैं। अखिलेश यादव ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मामले में बालियान के पिता, पत्नी और भाई न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है।

सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 16,189 लोगों पर केवल एक डॉक्टर उपलब्ध है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के 6,872 पद यानी करीब 41 प्रतिशत पद खाली होने का भी दावा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के करीब 24 हजार पद भी रिक्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य व्यवस्था में पर्याप्त मानव संसाधन नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अस्पताल में इलाज के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। गरीबों का इलाज मुफ्त होगा, दवाएं मुफ्त मिलेंगी और गंभीर बीमारियों का उपचार भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जेपीएनआईसी से समाजवादियों का भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि इसका निर्माण लोकनायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में किया गया था।

उन्होंने दावा किया कि जेपीएनआईसी में करीब 1,200 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहती तो पार्किंग की आय से ही इसकी लागत निकाली जा सकती थी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने जेपीएनआईसी का व्यावसायीकरण कर दिया है। उन्होंने बस स्टैंड और प्लासियो मॉल का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकार सरकारी संपत्तियों को बेचने और बड़े ठेके अपने लोगों को देने का काम कर रही है। इससे पहले सपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बसपा, भाजपा और एआईएमआईएम से जुड़े कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख समेत कई नेता शामिल रहे।