गाजियाबाद, 30 अगस्त (आईएएनएस)। गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना लोनी पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चेन स्नैचिंग की वारदात में वांछित एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, निठोरा अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनैती की वारदात करने वाले बदमाश मोटरसाइकिल से निठोरा की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान मुस्तफाबाद लोनी के सुल्तान नगर निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई। हालांकि, उसका साथी दानिश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसीपी रामकिशन राणा ने बताया कि लोनी इलाके में 23 अगस्त को अपराधियों ने एक दुकान में घुसकर महिला की चेन लूटी थी। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए अपराधियों की तलाश शुरू की थी।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी दानिश के साथ 23 अगस्त की रात सितारा मस्जिद वाली रोड, मुस्तफाबाद लोनी में परचून की दुकान पर बैठी महिला के गले से चेन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, चेन से आरोपी के हिस्से में करीब 40 हजार रुपए आए थे, जिसमें से खर्च के बाद 16 हजार रुपए उसके पास बचे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, 16 हजार रुपए नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद करने का दावा किया है।
