SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नेपाल बाढ़ त्रासदी: तेलंगाना से जुड़े लोगों की तलाश तेज, मृतकों की...

नेपाल बाढ़ त्रासदी: तेलंगाना से जुड़े लोगों की तलाश तेज, मृतकों की पहचान और पार्थिव शरीर सौंपने की प्रक्रिया जारी

0
6

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद तेलंगाना भवन के अधिकारी विदेश मंत्रालय, काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास और नेपाल पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तेलंगाना से जुड़े लोगों का पता लगाने, उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने तथा मृतकों की पहचान और पार्थिव शरीरों को परिजनों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त को 449 भारतीय नागरिक तिब्बत से नेपाल के रास्ते सुरक्षित पहुंचे। वहीं, 30 अगस्त को इसी मार्ग से 397 अन्य भारतीय नागरिकों की आवाजाही की व्यवस्था की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सूची में अल्ली इलेशा का नाम और पासपोर्ट विवरण तेलंगाना भवन के रिकॉर्ड से मेल खाया है। उनके परिवार ने पुष्टि की है कि वह उनके संपर्क में हैं और रविवार रात करीब 10 बजे हैदराबाद पहुंचने की उम्मीद है।

नेपाल सरकार ने नेपाल पुलिस डिजास्टर पोर्टल पर मृतकों की तस्वीरें और अन्य प्राथमिक जानकारी उपलब्ध कराई है। रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन, गोरखा, तनहूं, नवलपरासी पूर्व, नवलपरासी पश्चिम और काठमांडू जिलों में रखे गए शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, जिन मामलों में दृश्य पहचान संभव है, वहां डीएनए जांच आवश्यक नहीं होगी। मृतक की पहचान और परिजनों से संबंध स्थापित होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

हालांकि, जिन मामलों में शव की पहचान प्रारंभिक रूप से संभव नहीं है, वहां माता-पिता, भाई या बहन जैसे प्रथम श्रेणी के रिश्तेदारों के डीएनए नमूनों का मिलान नेपाल की फोरेंसिक एजेंसियों द्वारा एकत्रित नमूनों से किया जाएगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि डीएनए प्रोफाइलिंग कराने के लिए परिजनों को केवल इसी उद्देश्य से नेपाल जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने निवास स्थान पर तैयार कराए गए डीएनए प्रोफाइल भी जांच के लिए भेज सकते हैं। नेपाल पुलिस ईमेल के माध्यम से अग्रिम रूप से डीएनए प्रोफाइल प्राप्त करने की व्यवस्था विकसित कर रही है।

मृतकों की पहचान, पार्थिव शरीर सौंपने और उन्हें स्वदेश लाने की विस्तृत प्रक्रिया अभी नेपाल सरकार द्वारा अंतिम रूप दी जा रही है। ऐसे में प्रभावित परिवारों से अपील की गई है कि वे डीएनए परीक्षण कराने या नेपाल यात्रा करने से पहले तेलंगाना भवन अथवा काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें।

अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक मामले से संबंधित जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद ही संबंधित परिवारों और आम जनता के साथ साझा की जाएगी।