SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय निषाद समुदाय पर टिप्पणी को लेकर महंत राजू दास ने दी सफाई,...

निषाद समुदाय पर टिप्पणी को लेकर महंत राजू दास ने दी सफाई, बोले-जातिगत रंग देने की कोशिश

0
3

अयोध्या, 1 सितंबर (आईएएनएस)। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने निषाद समुदाय को लेकर की गई अपनी विवादित टिप्पणी पर सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी का मकसद निषाद समुदाय का अपमान करना नहीं था बल्कि यह एक टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता के साथ हुई तीखी बहस का हिस्सा थी, जिसे गलत तरीके से जातिगत रंग दिया जा रहा है।

महंत राजू दास ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान अपना पक्ष रखा। उन्होंने ‘जय सियाराम’ और ‘निषादराज महाराज की जय’ के उद्घोष के साथ अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से वह देख रहे हैं कि सोशल मीडिया पर निषाद समुदाय को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है, जो बेहद दुखद और निंदनीय है।

अपनी सफाई में महंत ने बताया कि यह पूरा मामला डीडी वन पर अयोध्या मछलीकांड पर हुई एक बहस से जुड़ा है। उस डिबेट में समाजवादी पार्टी सहित कई दलों के प्रवक्ता मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बहस की शुरुआत में ही कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता ने उनके साथ असभ्यता की और असभ्य भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता की असभ्य भाषा का उन्होंने जवाब दिया लेकिन उस जवाब को जातिगत रंग दे दिया गया।

महंत राजू दास ने कहा, “पूरे देश में इस प्रकार से माहौल बनाया गया कि हमने निषाद समुदाय को गाली दी। निषाद समुदाय को मैंने कुछ भी नहीं कहा और मैं जानता भी नहीं था कि ये कांग्रेस का प्रवक्ता निषाद समुदाय से है। चाहे वो किसी भी समुदाय का हो, मेरा किसी भी समुदाय के खिलाफ कोई ऐसा बयान नहीं था।”

महंत ने कहा कि निषाद समाज एक भक्त समुदाय है, जो धार्मिक होता है। अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है और यहीं निषादराज महाराज की भी जन्मभूमि है क्योंकि अयोध्या उनका ननिहाल था। उन्होंने कहा, “भगवान राम और निषादराज दोनों मित्र थे। हम हनुमान के शिष्य हैं, तो भगवान राम के सेवक हनुमान और हम लोग हनुमान के दास। तो यह कतई संभव नहीं हो सकता कि हमने किसी निषाद बिरादरी को कुछ कहा हो।”

महंत ने इस पूरे विवाद के पीछे कांग्रेस की साजिश बताया। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जमीन नहीं बची है और उसकी जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी से लड़ नहीं सकती, क्योंकि 60 सालों तक राज करके उन्होंने चोरी और डकैती की और धर्म के आधार पर देश को बांटा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रवक्ता बहुत चालाक हैं वो जानबूझकर उन पर निषाद समुदाय को गाली देने का आरोप लगा रहे हैं जो अति निंदनीय है। उन्होंने निषाद समुदाय से अपील की कि वह कांग्रेस से सतर्क रहें।