SGSU Advertisement
Home अपराध छत्तीसगढ़ में कंटेनर की तलाशी लेने पर 2 करोड़ से ज्यादा कीमत...

छत्तीसगढ़ में कंटेनर की तलाशी लेने पर 2 करोड़ से ज्यादा कीमत का गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

0
3

कबीरधाम, 1 सितंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिल्फी पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपए बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के निर्देशन और कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान 447 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। साथ ही, कंटेनर भी जब्त किया गया है। इस प्रकार कुल 4 करोड़ 50 लाख का चोरी का सामान जब्त किया गया है। इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। इस पूरी घटना में गांजे को कंटेनर में एक गुप्त चेंबर के जरिए छुपाकर लाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी की वजह से इसे पकड़ लिया गया।

31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस की टीम एनएच-30 मेन रोड पर थाना के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम बलजीत सिंह बताया।

संदेह के आधार पर पुलिस ने कंटेनर की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेटों में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 447.445 किलोग्राम निकली।

पुलिस ने आरोपी बलजीत सिंह, पिता रवेल सिंह, निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक भी जब्त किया है।

कार्रवाई के बाद पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। एएनटीएफ टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और थाना चिल्फी की टीम को 25 हजार रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।