SGSU Advertisement
Home अपराध गैंगरेप मामले में राहुल गांधी का अमित शाह और योगी सरकार पर...

गैंगरेप मामले में राहुल गांधी का अमित शाह और योगी सरकार पर निशाना, बोले-‘अपराध पर डाला जा रहा पर्दा’

0
3

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली-एनसीआर में एक किशोरी के साथ स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर मंगलवार को केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया है कि पहले की तरह इस मामले में भी दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की जवाबदेही तय नहीं होगी तथा अपराध पर पर्दा डाल दिया जाएगा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दिल्ली-एनसीआर महिलाओं के लिए इतना असुरक्षित हो गया है कि एक नाबालिग लड़की के साथ ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक 47 किलोमीटर के सफर के दौरान एक स्लीपर बस में गैंगरेप किया गया। हैरानी की बात यह है कि न तो दिल्ली पुलिस और न ही नोएडा पुलिस को इसकी जरा भी भनक लगी। यह बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली की रिंग रोड और बॉर्डर सब कुछ पार कर गई और किसी भी चेकपॉइंट पर इसे एक बार भी नहीं रोका गया।”

उन्होंने आगे लिखा कि बस की सीटों पर पर्दे लगे हुए थे ताकि कोई देख न सके कि अंदर क्या हो रहा है और अपराधियों को प्रशासन का जरा भी डर नहीं था। निर्भया कांड के इतने सालों बाद और ऐसी कई घटनाओं के बावजूद, ऐसी बसों की चेकिंग और निगरानी के नियमों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है? वे पर्दे सिर्फ उस एक बस पर नहीं लगे थे। वे सरकार द्वारा प्रशासन की नाकामियों पर साल-दर-साल डाले गए पर्दों का नतीजा हैं, जिसकी वजह से महिलाएं देश की राजधानी में सुरक्षित सफर भी नहीं कर पा रही हैं।

राहुल गांधी ने लिखा कि केंद्र और राज्य सरकारों के इस सिस्टम को ठीक करने से पहले और कितनी महिलाओं और लड़कियों को यह सब सहना पड़ेगा? क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली दिल्ली पुलिस या उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश पुलिस की कोई जवाबदेही तय होगी? बिल्कुल नहीं इस अपराध पर भी बस पर्दा डाल दिया जाएगा।

बता दें कि 4 अगस्त को कश्मीरी गेट इलाके में एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया था।