SGSU Advertisement
Home Student & Youth एम्स-पटना में 68 सीनियर रेजिडेंट पदों पर निकली वैकेंसी, इन दिनों आयोजित...

एम्स-पटना में 68 सीनियर रेजिडेंट पदों पर निकली वैकेंसी, इन दिनों आयोजित होगी वॉक-इन इंटरव्यू

0
8

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, एम्स-पटना ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट (एडहॉक) के कुल 68 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इनमें सामान्य वर्ग के 16, ईडब्ल्यूएस के 12, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 14, अनुसूचित जाति (एससी) के 17 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 9 पद शामिल हैं।

एम्स-पटना ने अपने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के 68 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें एनाटॉमी में 3, एनेस्थिसियोलॉजी – पेन मेडिसिन और क्रिटिकल केयर में 13, कम्युनिटी और फैमिली मेडिसिन (सी एंड एफएम) में 2, डर्मेटोलॉजी में 3, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी (एफएमटी) में 3, ऑर्थोपेडिक्स में 7, ऑप्थल्मोलॉजी में 3, ऑब्सटेट्रिक्स और गाइनेकोलॉजी में 3, पैथोलॉजी में 3, पीडियाट्रिक्स में 4, फार्माकोलॉजी में 2, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में 4, रेडियोडायग्नोसिस में 2, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ब्लड बैंक में 2, जनरल मेडिसिन में 7 और जनरल सर्जरी में 7 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विभाग के अनुसार एमडी/डीएनबी होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स का नेशनल मेडिकल कमीशन या स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 5, 12, 19 और 26 सितंबर को ‘समिति कक्ष, प्रशासनिक भवन, एम्स पटना’ पते पर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे के बीच आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।