SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय झारखंडः चतरा में जमीन पर कब्जा दखल की कार्रवाई के दौरान महिला...

झारखंडः चतरा में जमीन पर कब्जा दखल की कार्रवाई के दौरान महिला ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

0
6

चतरा, 2 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा शहर में कोर्ट के आदेश पर एक जमीन पर दखल-कब्जा कराने पहुंची टीम के सामने बुधवार को एक महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। घटना में महिला रीना देवी और उन्हें बचाने की कोशिश में उनके बेटे धीरज कुमार और एएसआई प्रवीण सिंह झुलसे हैं।

रीना देवी और उनके बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। एएसआई का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। कोर्ट की टीम के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह और एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, विवादित जमीन को लेकर रीना देवी के पक्ष और विजय अग्रवाल के बीच लंबे समय से न्यायालय में मामला चल रहा था। वर्ष 1988 में विजय अग्रवाल और तारा देवी के पक्ष के बीच जमीन को लेकर मुकदमा शुरू हुआ था। इसमें विजय अग्रवाल के पक्ष में डिक्री हुई थी। इसके बाद वर्ष 2006 में तारा देवी ने मामले को अपील में चुनौती दी, लेकिन वहां भी उनके पक्ष में फैसला नहीं आया।

इसके बाद न्यायालय ने विजय अग्रवाल को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने का आदेश दिया। इसी आदेश के अनुपालन में बुधवार को मजिस्ट्रेट, न्यायालय की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे थे। टीम ने जैसे ही दखल-कब्जा की प्रक्रिया शुरू की, दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। न्यायालय की टीम के सदस्य गंगाधर जय ने बताया कि कोर्ट के आदेश के तहत जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। कार्रवाई के दौरान विवाद बढ़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि मजिस्ट्रेट और कोर्ट टीम की मौजूदगी में कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से कार्रवाई रोकने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार, इसी दौरान महिला ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे बचाने के दौरान पुलिसकर्मी भी झुलस गए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखी गई तीन हॉकी स्टिक भी बरामद की गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।