नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। इस पर कांग्रेस पार्टी के सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि इससे उनकी पार्टी को नुकसान होगा। उनकी पार्टी छह प्रतिशत पर सिमट जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दलित समाज कांग्रेस के साथ है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि उनको अकेले चुनाव लड़ने से कौन रोक रहा है। इसका परिणाम बस इतना होगा कि पार्टी 12 प्रतिशत से 6 प्रतिशत पर आ जाएगी। इसका असर उन्हीं पर होगा न कि किसी दूसरे पर। भाजपा देश में दलितों के प्रति नफरत परोसने का काम कर रही है। यह बात दलितों की समझ में आ रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों साथ चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस दलितों की पहली पार्टी रही है। इसीलिए दलितों का झुकाव कांग्रेस की तरफ रहेगा। उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा कोई बड़ी बात नहीं है, हो जाएगा। इसका फैसला पार्टी करेगी।
स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ को लेकर महिलाओं पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस नेता ने कहा कि मैंने उनका स्टेटमेंट पढ़ा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा है।
धर्म गुरु अनिरुद्धाचार्य ने आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि आरक्षण गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों को मिलना चाहिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि आरक्षण देश में संतुलन बनाने के लिए दिया गया था। देश में जो वर्ग सदियों तक शोषित रहा, उस वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था बनाई गई।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के यूक्रेन दौरे पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री वहां पर क्या करके आते हैं, यह उस पर निर्भर करेगा। भारत शांति का पक्षधर रहा है।
उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के इस बयान पर कि पीडीए में ‘पी’ का मतलब ‘पहली हार’ है, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “वे बस कुछ भी अनाप-शनाप बोलते रहते हैं। उन्होंने उन्हीं के समर्थन से जीत हासिल की थी और अब वे कुछ भी कह रहे हैं।”
