SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार, चोरी के 24 मोबाइल...

मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार, चोरी के 24 मोबाइल बरामद

0
3

नोएडा, 5 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 24 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, 2 हजार रुपए नकद, दो अवैध चाकू और सात धारदार छोटे चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई 5 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-63 की टीम को सूचना मिली थी कि मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह के सदस्य गढ़ी गोलचक्कर की ओर जाने वाले अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू राजकुमार, राजा भास्कर, रिषभ और श्याम साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने के तरीके का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे पहले ऐसी इमारतों और कॉलोनियों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हों। रेकी के दौरान वे ऐसे कमरों को निशाना बनाते थे, जो खुले मिल जाते थे। मौका मिलते ही आरोपी कमरों के अंदर घुसकर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार, जब गिरोह के पास बड़ी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठा हो जाते थे, तो आरोपी इन्हें राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे। चोरी के सामान से मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के मोबाइल किन-किन लोगों को बेचे गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सिक्कू राजकुमार मूलरूप से मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में रहता था। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष है। दूसरा आरोपी राजा भास्कर प्रयागराज का निवासी है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। तीसरा आरोपी रिषभ फर्रूखाबाद जिले का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है। वह भी चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। चौथा आरोपी श्याम साहू, कौशाम्बी जिले का निवासी है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की है। इसके अलावा दो हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू और सात धारदार छोटे चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिक्कू राजकुमार और राजा भास्कर के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और उन्हें वापस करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।