SGSU Advertisement
Home अपराध रेप मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गाजियाबाद पुलिस...

रेप मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गाजियाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
3

गाजियाबाद, 7 सितंबर (आईएएनएस)। ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, खानपुर के जंगल में रात करीब 10:50 बजे चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर गोली चलाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में गुलजार (20) और एहसान (22) के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। साथ ही दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी भी बरामद हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त लोनी श्री राम किशन ने बताया कि 4 सितंबर को थाना ट्रॉनिका सिटी पर दो नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़खानी और रेप का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में गुलजार और एहसान वांछित थे। थाना प्रभारी को सूचना मिली कि दोनो वांछित आरोपी खानपुर जंगल से गुजरने वाले हैं।

मुखबिर की सूचना पर खानपुर जंगल के पास चेकिंग की जा रही थी। तभी स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिये, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा रूकने का इशारा किया। इस पर स्कूटी सवार भागने लगे और भागते हुए पुलिस टीम पर फायर करने लगे। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिससे दोनों को गोली लगी और गिर पड़े। आरोपियों की तलाशी ली गई तो तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इसके साथ दिल्ली से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की गई। घायल बदमाशों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इसके पहले 30 अगस्त को भी गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना लोनी पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चेन स्नैचिंग की वारदात में वांछित एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया था, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, 16 हजार रुपये नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद किया था।