SGSU Advertisement
Home राजनीति कर्नाटक: केपीएससी घोटाले के आरोपी पर भाजपा की चुप्पी को लेकर प्रियांक...

कर्नाटक: केपीएससी घोटाले के आरोपी पर भाजपा की चुप्पी को लेकर प्रियांक खड़गे ने उठाए सवाल, नेता विपक्ष पर उठाए सवाल

0
5

बेंगलुरु, 7 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे की ओर से सोमवार को कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती में हुई गड़बड़ियों को लेकर उनके इस्तीफे की भाजपा की मांग पर सवाल उठाए गए। प्रियांक खड़गे ने आरोप लगाया कि जब उनसे (भाजपा) पूछा गया कि इस्तीफा क्यों देना चाहिए, तो पार्टी नेताओं के पास इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं था।

प्रियांक खड़गे ने इस मामले के मुख्य आरोपियों में से एक बसवराज कन्नाले और केपीएससी के निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहूकार के मामले में भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। खड़गे की ओर से भाजपा नेता बसवराज कन्नाले की राज्य के बड़े पार्टी नेताओं (जिनमें विपक्ष के नेता आर. अशोक भी शामिल हैं) के साथ तस्वीरें भी जारी की गई हैं।

प्रियांक खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर लिखा,भाजपा को सिर्फ उनके इस्तीफे की मांग करने के बजाय कई सवालों के जवाब देने चाहिए और उन्होंने जोर देकर कहा कि “जोर-जोर से चिल्लाने” से सच नहीं छिपेगा।

खड़गे ने कहा, “अगर मैं इस्तीफे की मांग करने वाले भाजपा नेताओं से पूछूं कि मुझे इस्तीफा क्यों देना चाहिए, तो उनके पास कोई साफ जवाब नहीं है।” कन्नाले को क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने गिरफ्तार किया है और अभी सीआईडी के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

खड़गे ने आरोप लगाया कि कन्नाले भाजपा की आधिकारिक बैठकों में शामिल हुआ था और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भाजपा नेताओं के साथ गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि कन्नाले को अपने “अप्पाजी” का आशीर्वाद लेते हुए देखा गया था और भाजपा नेता उसके जन्मदिन के जश्न में शामिल हुए थे। मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को कन्नाले के बिजनेस वेंचर का उद्घाटन करते और उसके साथ खाना खाते हुए देखा गया था।

खड़गे ने कहा, “इन सबके बावजूद, भाजपा सिर्फ मेरे इस्तीफे की मांग कर रही है।” उन्होंने सवाल किया कि कन्नाले के देश से भागने की कथित कोशिश पर भाजपा नेता क्यों चुप हैं? खड़गे की ओर से पूछा गया, “जब निलंबित केपीएससी चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहूकर की बात आती है, तो वे चुप क्यों हैं?”

प्रियंक खड़गे का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भाजपा और जेडी (एस) पार्टियां कथित केपीएससी भर्ती घोटाले को लेकर कर्नाटक सरकार पर दबाव बना रही हैं और सरकार से जवाबदेही की मांग कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने मंत्री प्रियांक खड़गे पर तीखा हमला किया है और केपीएससी मामले में उनकी भूमिका को लेकर उन पर सीधे आरोप लगाए हैं।