SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पंजाब : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की...

पंजाब : अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया

0
7

चंडीगढ़, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस की ओर से सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इसकी जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई है।

डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा गया, “एक बड़ी कामयाबी में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 15 अवैध पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद की है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। वे अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप लेते थे और निर्देशानुसार उनकी सप्लाई करते थे।”

डीजीपी गौरव यादव ने ‘एक्स’ पोस्ट में आगे लिखा, “एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत घरिंडा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके, और अवैध हथियारों व नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क को खत्म किया जा सके।”

डीजीपी की ओर से आगे लिखा गया, “पंजाब पुलिस नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को एक सुरक्षित व नशा-मुक्त राज्य बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है।”

बीते दिनों भी डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी गई थी, “एक बड़ी कामयाबी में, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने मंजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार किया है। वह अमेरिका में हुए बेनिफिट्स फ्रॉड (सरकारी लाभ से जुड़ी धोखाधड़ी) के मामले में वॉन्टेड भगोड़ा था। बताया जाता है कि बेदी का नाम अमेरिका में एसएनएपी (सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम) बेनिफिट्स फ्रॉड मामले में ‘मोस्ट-वॉन्टेड फ्रॉडस्टर्स’ की लिस्ट में शामिल था। वह कानून से बचने के लिए कथित तौर पर अप्रैल 2026 में कनाडा के रास्ते भारत भाग आया था।”