लखनऊ, 7 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार को सहारनपुर जाने से रोक दिया। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की घटना के बाद मस्जिद कमेटी के सदस्यों और पीड़ितों से मुलाकात के लिए जा रहे राय को माल एवेन्यू चौराहे पर भारी पुलिस बल ने रोक लिया।
विरोध में वह सड़क पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया।
कांग्रेस के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेसजनों को बाद में पुलिस लाइन से छोड़ दिया गया। इसके बाद अजय राय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ के ईको गार्डेन पहुंचे, जहां अनुसूचित जाति विभाग की ओर से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हुए।
पार्टी का दावा है कि यह धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से सहारनपुर के लिए रवाना हुए अजय राय को माल एवेन्यू चौराहे पर पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
स्थिति तब और गरमा गई जब राय सड़क पर ही बैठ गए और सहारनपुर जाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर पुलिस लाइन पहुंचाया।
पुलिस लाइन ले जाए जाने के बाद अजय राय ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था और उन्हें भी वहां पहुंचना था, लेकिन सरकार ने रास्ते में ही रोक दिया। राय ने कहा, “रास्ता रोक सकते हैं, आवाज नहीं दबा सकते।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनआकांक्षाओं पर विफल होने के कारण डर गई है। कांग्रेस पीड़ितों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी। पुलिस लाइन से निकलने के बाद राय और अन्य कांग्रेस नेता ईको गार्डेन पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने में हिस्सा लिया।
कांग्रेस के मुताबिक, यह धरना उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू किया गया है।
पार्टी का आरोप है कि मंच के शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने और कथित दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अनिश्चितकालीन धरने का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया कर रहे हैं।
