SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी के गुजरात दौरे पर बोले सीएम भूपेंद्र पटेल- यह विकास...

पीएम मोदी के गुजरात दौरे पर बोले सीएम भूपेंद्र पटेल- यह विकास और आधुनिक कनेक्टिविटी का दिन

0
4

वडोदरा, 8 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को गुजरात दौरे को लेकर वडोदरा में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर में विकास परियोजनाओं, कनेक्टिविटी और युवाओं से संवाद पर केंद्रित कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर रहा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पीएम मोदी के आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि गुजरात में ऊर्जा का माहौल है। उन्होंने इसे विकास, आधुनिक कनेक्टिविटी और बड़ी उपलब्धियों का दिन बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पटेल ने लिखा, “साफ सड़कों, हरी-भरी जगहों और शानदार माहौल के साथ गुजरात के लोग अपने दूरदर्शी नेता का अच्यधिक गर्व और जोश के साथ स्वागत करते हैं। आपका स्वागत है!”

भाजपा सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा “बड़ी खुशी” की बात है और वह वडोदरा को कई विकास परियोजनाएं देने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज आयोजित कार्यक्रम वास्तव में अभूतपूर्व है।”

स्थानीय लोगों में भी इस दौरे को लेकर काफी उत्साह है। एक निवासी ने कहा कि लोगों में ‘जबरदस्त उत्साह’ है और पीएम मोदी को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जमा हुई है।

वडोदरा का यह कार्यक्रम एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पुश का हिस्सा है। पीएम मोदी 35,000 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) के तीन सेक्शन शामिल हैं, जो 326 रूट किलोमीटर को कवर करते हैं और जिनकी लागत 20,700 करोड़ रुपए से अधिक है। इनके शुरू होने से डीएफसी नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में पूरी तरह से चालू हो जाएगा।

प्रधानमंत्री जोबट-टांडा रोड रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, 329 किलोमीटर की तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे जिनकी लागत 9,700 करोड़ रुपए से अधिक है और लगभग 1,780 करोड़ रुपए की तीन नेशनल हाईवे परियोजनाओं को लॉन्च करेंगे।

इसके अलावा लगभग 2,600 करोड़ रुपए की राज्य सरकार की परियोजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं, जिनमें वडोदरा रिंग रोड का दूसरा चरण और कडाना डैम में 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट शामिल है।