SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राजौरी में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं फौजिया शहनाज, केंद्र सरकार की...

राजौरी में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं फौजिया शहनाज, केंद्र सरकार की योजना से शुरू किया जिम सेंटर

0
1

राजौरी, 9 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहां फोजिया शहनाज ने केंद्र सरकार की एक योजना का लाभ उठाकर अपना फिटनेस सेंटर शुरू किया है और रोजगार का एक स्थायी जरिया बनाया है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत लागू एक योजना से राजौरी के फतेहपुर की फोजिया को कम ब्याज दर पर आर्थिक मदद मिली और उन्होंने ‘सांझा जिम सेंटर’ की शुरुआत की। यह सेंटर अब आसपास के इलाकों की महिलाओं और युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यह उन्हें अपनी सेहत और फिटनेस पर ध्यान देने की सुविधा तो देता ही है, साथ ही फोजिया को अच्छी मासिक आय कमाने में भी मदद करता है।

केंद्र सरकार और एनआरएलएम विभाग का आभार जताते हुए फोजिया ने कहा कि ऐसी योजनाएं बेरोजगार महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित हो रही हैं। ये उन्हें अपना कारोबार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करती हैं।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैंने यहां अपना काम शुरू किया है। हमने इसका नाम ‘सांझा जिम सेंटर’ रखा है। मैं केंद्र सरकार और एनआरएलएम विभाग की बहुत-बहुत शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने हमें यहां तक पहुंचाया और हमारा काम शुरू हुआ।”

फोजिया शहनाज ने बताया कि यहां अभी 40 से 45 लोग जिम करने आते हैं। सुरक्षाबल के जवान भी आते हैं। उन्होंने बताया कि अभी जिम से आमदनी सही हो रही है। इस जिम सेंटर से हम योजना के अनुसार लोन के पैसे को भी दे रहे हैं और अपना खर्चा भी चला रहे हैं।

स्थानीय महिलाओं और युवाओं ने भी इस पहल की तारीफ की। उनका कहना है कि इस फिटनेस सेंटर की वजह से उन्हें अपने घर के पास ही सुविधाएं मिल रही हैं।

एक स्थानीय महिला ने कहा, “हमें पहले राजौरी जाना पड़ता था। बच्चे भी इसी तरह दूर क्षेत्र में फिटनेस सेंटर जाते थे। फतेहपुर में बच्चे और लड़कियां भी जिम करने के लिए आ रही हैं। हम बहुत शुक्रगुजार हैं कि हमें यहां नजदीक में यह सुविधा मिल रही है। छोटे-बड़े लोग यहां आते हैं और उनकी सेहत भी अच्छी रहती है। केंद्र सरकार और एनआरएलएम विभाग का भी हम धन्यवाद करते हैं।”

एक स्थानीय युवक ने कहा कि यहां पहले कोई जिम सेंटर नहीं था। दूर शहर में जिम जाने में परेशानी होती थी। फतेहपुर में जब से जिम सेंटर खुला है, लोग आ रहे हैं।