SGSU Advertisement
Home Student & Youth जीएमसीएच-चंडीगढ़ में प्रोजेक्ट नर्स सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, 14...

जीएमसीएच-चंडीगढ़ में प्रोजेक्ट नर्स सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, 14 सितंबर अंतिम तिथि

0
2

चंडीगढ़, 9 सितंबर (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), चंडीगढ़ ने प्रोजेक्ट नर्स सहित विभिन्न 9 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

जीएमसीएच-चंडीगढ़ की ओर से जारी 9 रिक्तियों में प्रोजेक्ट टेक्निकल सपोर्ट-III का 1, प्रोजेक्ट नर्स-III (भर्ती) के 6, प्रोजेक्ट नर्स-III (फ़ॉलो-अप) का 1 और प्रोजेक्ट नर्स-III (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र के अनुसार फुल-टाइम ग्रेजुएट/डिप्लोमा/पीजी होनी चाहिए। वहीं, सभी पोस्ट के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, स्क्रीनिंग परीक्षा (जरूरत पड़ने पर), बातचीत और/या इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सभी पदों के लिए 33,600 रुपए प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएमसीएच-चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर डाक के माध्यम से ‘नियोनेटोलॉजी विभाग, लेवल-4, ब्लॉक डी,सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सेक्टर 32, चंडीगढ़’ पते पर तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि उम्मीदवारों के चयन का शेड्यूल, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की सूची और सभी नतीजे जीएमसीएच की वेबसाइट पर पब्लिश किए जाएंगे। किसी को भी फोन या ईमेल से कोई व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी। वहीं, जीएमसीएच-चंडीगढ़ की ओर इन पदों पर शुरुआती नियुक्ति छह महीने के लिए होगी, जिसे उम्मीदवारों की संतोषजनक प्रदर्शन, फंड की उपलब्धता और प्रोजेक्ट की जरूरतों के आधार पर और बढ़ाया जा सकता है। इसी के साथ यह नियुक्ति अस्थायी आधार पर होगी और प्रोजेक्ट के साथ ही समाप्त हो जाएगी।