SGSU Advertisement
Home अपराध उत्तर प्रदेश: इटावा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर को किया...

उत्तर प्रदेश: इटावा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार

0
1

इटावा, 10 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके खिलाफ इटावा के अलग-अलग थानों में लूट, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास, हथियार रखने समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान 26 वर्षीय अंकित उर्फ फौजी पुत्र रामचन्द्र निवासी ब्रम्हनगर, थाना कोतवाली, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंकित थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 293ए है।

भरथना के सीओ रामदवन मौर्य ने बताया कि 9 और 10 सितंबर की रात बकेवर पुलिस निवाड़ी कला तिराहे के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अहेरीपुर की तरफ से बाइक सवार अंकित आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और अछल्दा की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दूसरी टीम को भी सूचना दी।

दोनों पुलिस टीमों से घिरता देखकर अंकित ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। जिस मोटरसाइकिल से वह जा रहा था, वह भी चोरी की बताई गई है। पुलिस बाइक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

इस मामले में बकेवर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 336(3), 340(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भरथना रामदवन मौर्य के नेतृत्व में की गई।