SGSU Advertisement
Home राजनीति मधु गौड़ यास्की बने एआईपीसी चेयरमैन, बोले- राहुल गांधी के विजन को...

मधु गौड़ यास्की बने एआईपीसी चेयरमैन, बोले- राहुल गांधी के विजन को करेंगे साकार

0
3

हैदराबाद, 10 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना से लोकसभा के पूर्व सांसद मधु गौड़ यास्की ने गुरुवार को कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (एआईपीसी) के चेयरमैन के तौर पर अपनी नियुक्ति को वे एक बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।

उनका मकसद राहुल गांधी के उस विजन को पूरा करना है जिसके तहत एआईपीसी को एक ऐसे पुल के रूप में विकसित किया जाए जो भारत के प्रोफेशनल्स को राजनीति, नीति-निर्माण और राष्ट्र-निर्माण से जोड़े।

उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का ‘दिल से आभार’ व्यक्त किया कि उन्होंने उन्हें ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं इसे सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी के तौर पर देखता हूं। राहुल गांधी के उस विजन को पूरा करने की जिम्मेदारी, जिसमें एआईपीसी को एक ऐसे पुल के रूप में तैयार करना है जो भारत के प्रोफेशनल्स को राजनीति, नीति-निर्माण और राष्ट्र-निर्माण से जोड़े।”

इससे पहले, अपनी नियुक्ति पर बधाई देने के लिए तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ का धन्यवाद करते हुए मधु गौड़ यास्की ने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहते हैं।

यास्की ने कहा, “धन्यवाद, महेश गौड़। आप सभी के प्यार, समर्थन और सहयोग से, मैं दिल से चाहता हूं कि हम सब मिलकर कांग्रेस पार्टी को राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूत करें और राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाएं।”

उन्होंने आगे कहा, “आइए हम सब एकजुट होकर इस लक्ष्य की दिशा में मिलकर काम करें।”

इस बीच, यास्की ने गुरुवार को विधानसभा में तेलंगाना विधानसभा के स्पीकर गड्डम प्रसाद कुमार से मुलाकात की।

विधानसभा में हाल की घटनाओं और स्पीकर के खिलाफ की गई अनुचित टिप्पणियों के संदर्भ में, यास्की ने प्रसाद कुमार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को यास्की को ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने एक्‍स पर लिखा, “उनकी बरसों की सेवा और अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से जुड़ने की उनकी काबिलियत के लिए यह एक सही पहचान है। उनका अनुभव पार्टी को भारत के प्रोफेशनल समुदाय के साथ जुड़ाव बढ़ाने और राष्ट्र-निर्माण में उनकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने में मदद करेगा। उन्हें हर सफलता की शुभकामनाएं।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को यास्की को नियुक्त किया। वे प्रवीण चक्रवर्ती की जगह लेंगे। पूर्व सांसद मधु गौड़ यास्की के पास दशकों का अनुभव है और वे पार्टी के आलाकमान के साथ करीबी तालमेल के लिए जाने जाते हैं। पिछड़ी जातियों के प्रमुख नेताओं में से एक, वे अपने विनम्र और सौम्य व्यवहार के लिए भी जाने जाते हैं।

अलग तेलंगाना राज्य के प्रबल समर्थक रहे याक्षी निजामाबाद से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए थे।