SGSU Advertisement
Home राजनीति कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा ने निर्मला सीतारमण को लिखा पत्र, राजविंदर कौर...

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा ने निर्मला सीतारमण को लिखा पत्र, राजविंदर कौर पर लगाए गंभीर आरोप

0
4

चंडीगढ़, 12 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा है। उन्होंने डेरा बाबा नानक और गुरदासपुर में संगठित अपराध व गैंगस्टरों के प्रभाव से जुड़े गंभीर वित्तीय मामलों का मुद्दा उठाया। साथ ही, कांग्रेस सांसद ने वित्तीय लेन-देन और धन के स्रोतों की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की।

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपने पत्र में लिखा, “मैं गुरदासपुर से सांसद के तौर पर आपका ध्यान उस चिंताजनक स्थिति की ओर दिलाना चाहता हूं, जिसमें डेरा बाबा नानक इलाके में संगठित अपराध और गैंगस्टर का प्रभाव सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक प्रभाव में बदलता दिख रहा है। चिंता की बात जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मौसी राजविंदर कौर का बढ़ता प्रभाव है, जो डेरा बाबा नानक ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन हैं।”

एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा, “गरीब लड़कियों की सामूहिक शादी, खेल आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों, शगुन और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के नाम पर बड़ी रकम खर्च और बांटी जा रही है। इस तरह के खर्च का पैमाना आय के किसी भी ज्ञात वैध स्रोत के मुकाबले बहुत अधिक लगता है। पैसे का इस तरह का बंटवारा न सिर्फ सामाजिक सद्भावना पैदा कर रहा है, बल्कि गांव के स्तर पर प्रभाव का एक बड़ा नेटवर्क भी बना रहा है और वित्तीय संसाधनों को राजनीतिक और सामाजिक पूंजी में बदल रहा है। राजविंदर कौर और उनसे जुड़े लोगों की ओर से इलाके के गांवों में बांटे जा रहे भारी फंड के स्रोत की जांच होनी चाहिए।”

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन फंड्स का कुछ हिस्सा ड्रग तस्करी, जबरन वसूली या भगवानपुरिया नेटवर्क से जुड़ी दूसरी संगठित आपराधिक गतिविधियों से आई कमाई हो सकती है। इन आरोपों की निष्पक्ष वित्तीय जांच होनी चाहिए और स्थानीय प्रशासन को इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

सुखजिंदर सिंह रंधावा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अनुरोध किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जरिए इन फंड्स के स्रोत और ट्रेल की जांच की जानी चाहिए। साथ ही, आयकर विभाग को संबंधित व्यक्तियों की घोषित आय, संपत्ति, बैंक खातों, नकद लेन-देन और खर्च की जांच करनी चाहिए।

रंधावा ने लिका, “मैं आपसे तुरंत दखल देने और ईडी, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट व दूसरी सक्षम एजेंसियों से मिलकर जांच करवाने का अनुरोध करता हूं, ताकि डेरा बाबा नानक और पूरे गुरदासपुर जिले में यह आपराधिक-सामाजिक गठजोड़ और अधिक मजबूत न हो।”