SGSU Advertisement
Home राजनीति ब्रिक्स नेताओं को परोसे गए शाकाहारी भोजन पर कांग्रेस को रिजिजू का...

ब्रिक्स नेताओं को परोसे गए शाकाहारी भोजन पर कांग्रेस को रिजिजू का जवाब, यह हमारी संस्कृति का प्रतीक

0
5

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में आयोजित हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर सियासत तेज हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर खाने के मेन्यू को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि कांग्रेस पार्टी ब्रिक्स देशों के नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है। हमारे मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी भोजन का आनंद लिया, जो स्वाद और पोषण से भरपूर है और जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराएं शामिल हैं।”

दरअसल, कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया था कि ब्रिक्स नेताओं के लिए आयोजित आधिकारिक भोज में सिर्फ शाकाहारी भोजन क्यों परोसा गया। इसी को लेकर रिजिजू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय शाकाहारी भोजन में विविधता, स्वाद और पोषण है और यह भारत की संस्कृति का प्रतीक है। विदेशी मेहमानों ने भी इसका भरपूर आनंद लिया।

इससे पहले रिजिजू ने ब्रिक्स समिट को लेकर एक अन्य पोस्ट में लिखा था, “भारत को ब्रिक्स समिट की मेजबानी करने पर गर्व है। केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के साथ, मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत के अति-विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में आयोजित भोज में भाग लिया, जिसमें शुद्ध भारतीय आतिथ्य का अनुभव मिला।”

उन्होंने एक और पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स समिट 2026 की मेजबानी करने पर भारत को गर्व है। भारत ब्रिक्स नेताओं का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री द्वारा विदेशी मेहमानों के सम्मान में आयोजित भोज में मैं अपने सहयोगियों और मुख्यमंत्रियों के साथ शामिल हुआ।”

भारत इस साल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में विशेष भोज का आयोजन किया था, जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए थे। भोज में भारत के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक शाकाहारी व्यंजन परोसे गए थे, ताकि भारतीय खान-पान की विविधता को दुनिया के सामने रखा जा सके।