वडोदरा, 13 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभाणिया ने गुजरात के वडोदरा जिले के कायावरोहण स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के आधुनिक साइलो प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न भंडारण और स्वचालित अनाज प्रबंधन प्रणाली का निरीक्षण किया तथा एफसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्लांट के संचालन की विस्तृत समीक्षा की।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को साइलो प्लांट की सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। निमुबेन बंभाणिया ने खाद्यान्न भंडारण, गेहूं की खरीद, गेहूं से लदे रेलवे वैगनों की हैंडलिंग, स्वचालित संचालन प्रणाली (ऑटोमेशन सिस्टम) और प्रयोगशाला सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्नों के सुरक्षित भंडारण और प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्लांट में स्थापित आधुनिक भंडारण व्यवस्था और अनाज की स्वचालित हैंडलिंग सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों से संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने खाद्यान्नों के वैज्ञानिक और सुरक्षित भंडारण के लिए अपनाई जा रही तकनीकों पर भी चर्चा की।
दौरे के दौरान निमुबेन बंभाणिया ने परिसर में आयोजित पौधारोपण अभियान में भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एफसीआई गुजरात क्षेत्र के महाप्रबंधक सुदेश कुमार यादव, उप महाप्रबंधक अमित तिवारी, एफसीआई वडोदरा मंडल के मंडल प्रबंधक श्याम लाल सहित एफसीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
