SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सुरक्षा में की गई हजारों वाहनों की जांच,...

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सुरक्षा में की गई हजारों वाहनों की जांच, जेवर एयरपोर्ट पर था विशेष घेरा

0
6

नोएडा, 15 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर प्रभावी निगरानी तथा प्रतिनिधिमंडलों के सुरक्षित आवागमन के लिए कमिश्नरेट क्षेत्र में पुलिस की विशेष तैनाती की गई। संवेदनशील स्थानों, मेट्रो स्टेशनों, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों, प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास बिंदुओं पर लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की गई।

पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को कमिश्नरेट क्षेत्र के 35 मेट्रो स्टेशनों और 121 टैक्सी, ऑटो एवं बस स्टैंडों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान इन स्थानों के आसपास 2102 वाहनों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 799 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 32 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 256 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर पिकेटिंग और लगातार पेट्रोलिंग भी सुनिश्चित की।

इसके बाद 10 और 11 सितंबर को विशेष चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाया गया। इन दोनों दिनों में 2551 वाहनों के चालान किए गए और 115 वाहनों को सीज किया गया। विभिन्न धाराओं में 9 अभियोग दर्ज किए गए, जबकि 958 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। 12 सितंबर को 192 साइबर कैफे की जांच की गई।

पुलिस ने साइबर कैफे संचालकों को निर्धारित अभिलेखों का रखरखाव, आगंतुकों का सत्यापन और साइबर सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। वहीं, 13 सितंबर को विशेष अभियान के दौरान 1582 वाहनों के चालान और 65 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान विभिन्न धाराओं में 6 अभियोग दर्ज हुए तथा 529 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी प्रतिनिधिमंडल के आगमन को देखते हुए जेवर एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में एयरक्राफ्ट पार्क किए गए, जिनसे प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पहुंचे। प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के होटलों में की गई थी। उनके आवागमन के लिए पुलिस की ओर से समुचित एस्कॉर्ट और सुरक्षा व्यवस्था की गई।

जेवर एयरपोर्ट पर खड़े एयरक्राफ्ट की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की विशेष गार्ड तैनात की गई। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पीएसी बल का भी व्यवस्थापन किया गया। एयरपोर्ट के आउटर कार्डन में बाहरी सुरक्षा घेरा मजबूत करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, प्रमुख मार्गों और सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर सघन चेकिंग की गई। इसके अलावा 6 सितंबर को ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों के ब्रिक्स मुख्य न्यायाधीश मंच-2026 के मुख्य न्यायाधीशों एवं प्रतिनिधिमंडलों तथा रूस के प्रतिनिधिमंडल के आवागमन के दौरान भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

वहीं, 14 सितंबर को युगांडा के उपराष्ट्रपति के दिल्ली से आगरा भ्रमण के दौरान ग्रेटर नोएडा जोन के अंतर्गत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, एसीपी और थाना प्रभारियों ने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

पुलिस के मुताबिक, पूरे अभियान के दौरान विभिन्न इकाइयों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा गया। संवेदनशील स्थलों और प्रमुख मार्गों पर लगातार पुलिस मौजूदगी तथा सघन चेकिंग के चलते ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया।