SGSU Advertisement
Home अपराध कार दुर्घटना में आंध्र प्रदेश की दो महिलाओं की मौत के बाद...

कार दुर्घटना में आंध्र प्रदेश की दो महिलाओं की मौत के बाद परिवारों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया

0
5

अमरावती, 16 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक कार के सड़क किनारे बने होटल से टकराने से दो युवतियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। लेकिन, मृतक के परिवारों का आरोप है कि उन युवकों ने ही उनकी हत्या की और इसे दुर्घटना का रूप दे दिया।

यह घटना मंगलवार सुबह जिले के बुक्कारायसमुद्रम मंडल के रोटरीपुरम के पास हुई।

मृतकों की पहचान हरिथा (20) और नवनीता (20) के तौर पर हुई है। हरिथा अनंतपुर के एक कॉलेज में नर्सिंग की थर्ड ईयर की छात्रा थी, जबकि नवनीता एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स के तौर पर काम करती थी।

पुलिस के मुताबिक, ये युवतियां कुमार और श्रीधर रेड्डी की दोस्त थीं। कुमार उसी हॉस्पिटल में काम करता था जहां नवनीता नर्स थी, और श्रीधर रेड्डी एक इंश्योरेंस कंपनी का एजेंट था जो अक्सर हॉस्पिटल आता-जाता रहता था।

ये चारों दोस्त सोमवार रात कार से निकले थे। कोरापाडु, एसआरआईटी कॉलेज और दूसरी जगहों पर घूमने के बाद, वे मंगलवार सुबह करीब 4 बजे अनंतपुर के लिए निकले। कार चला रहे श्रीधर रेड्डी ने शायद गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी रोटरीपुरम के पास सड़क किनारे बने एक होटल से टकरा गई, जहां एक पुल का निर्माण चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, पीछे बैठी हरिथा की मौके पर ही मौत हो गई। घायल नवनीता, श्रीधर रेड्डी और कुमार को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नवनीता की मौत हो गई।

मृतक युवतियों के परिवारों का आरोप है कि युवकों ने मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उन्हें कार में बिठाया, उनकी हत्या कर दी और इसे एक एक्सीडेंट जैसा दिखाने की कोशिश की। उन्हें शक इसलिए भी हुआ क्योंकि युवक मामूली चोटों के साथ बच गए।

हरिथा की मां सलाम्मा ने कहा कि उन्होंने उसे पहले ही उन युवकों से सावधान रहने और उन पर भरोसा न करने के लिए कहा था। नवनीता की मां विजया ने आरोप लगाया कि युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए थे और उन्होंने कड़ी सजा की मांग की।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने मृतकों के परिवारों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।

मौत की वजह का पता लगाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम साबित हो सकती है।