SGSU Advertisement
Home Student & Youth एनटीए ने जारी किया दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक की परीक्षाओं...

एनटीए ने जारी किया दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक की परीक्षाओं का कैलेंडर

0
6

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली विभिन्न प्रमुख परीक्षाओं का प्रस्तावित कैलेंडर जारी किया है। हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि ये तिथियां अस्थायी हैं। प्रशासनिक, शैक्षणिक, वैधानिक, लॉजिस्टिक या अन्य अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण इनमें बदलाव किया जा सकता है।

जारी किए गए कैलेंडर मेजेईई मेन, यूजीसी नेट, संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट, सीमैट, सीयूईटी पीजी समेत कुल 14 परीक्षाओं की संभावित तिथियां शामिल हैं। दिसंबर 2026 में पांच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय की परीक्षा 6 दिसंबर को होगी। ‘स्वयं’ परीक्षा 8 से 12 दिसंबर तक प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय सैन्य विद्यालयों की परीक्षा 13 दिसंबर को होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा का दिसंबर चक्र 14 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 20 और 21 दिसंबर को अतिरिक्त तिथियां रखी गई हैं। संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट की परीक्षा 20 और 21 दिसंबर को प्रस्तावित है।

वहीं, अगले साल जनवरी 2027 में पांच परीक्षाएं होंगी। इनमें आर्मी कैडेट कॉलेज की परीक्षा 4 जनवरी को प्रस्तावित है। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की प्रवेश परीक्षा भी 10 जनवरी को प्रस्तावित है। इसके अलावा इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य का पहला सत्र 22, 23, 24, 28, 29 और 30 जनवरी को प्रस्तावित है। 31 जनवरी को अतिरिक्त तिथि के तौर पर रखा गया है।

अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को होगी। मार्च 2027 में पीजी के लिए सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा का आयोजन कई तिथियों में किया जाएगा। यह परीक्षा 1 से 5 मार्च, 8 से 12 मार्च, 20 से 21 मार्च और 24 से 25 मार्च तक प्रस्तावित है। इसके लिए 30 और 31 मार्च को अतिरिक्त तिथियां रखी गई हैं। राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण पहल के दूसरे भाग की परीक्षा 5 और 7 मार्च को होगी।

एनटीए के अनुसार, परीक्षा कैलेंडर जारी होने का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और शैक्षणिक संस्थानों को आगामी परीक्षाओं की तैयारी और योजना बनाने में मदद करना है। हालांकि, किसी भी परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया, प्रवेश पत्र, परीक्षा केंद्र, परीक्षा शहर, उत्तर कुंजी और परिणाम से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के माध्यम से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचनाओं के लिए एनटीए की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए विषय विशेषज्ञों को अपने पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू की है। इसके लिए अनुभवी शिक्षकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से आवेदन मांगे गए हैं। इन विशेषज्ञों की मदद से परीक्षा के लिए बेहतर और सटीक प्रश्न तैयार किए जाएंगे। साथ ही प्रश्नों की समीक्षा और जांच भी की जाएगी।

विशेषज्ञ यह देखेंगे कि प्रश्न विषय की सही अवधारणाओं पर आधारित हों, भाषा स्पष्ट हो और उनका कठिनाई स्तर परीक्षा के अनुरूप हो। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के अनुसार विषय विशेषज्ञों की एक अहम जिम्मेदारी प्रश्नों में एकरूपता और निष्पक्षता बनाए रखना भी होगी। वे यह सुनिश्चित करने में मदद करेंगे कि प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम और परीक्षा की रूपरेखा के अनुरूप हों।