SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी के जन्मदिन पर यूपी में ‘सेवा संकल्प अभियान’, अस्पतालों में...

पीएम मोदी के जन्मदिन पर यूपी में ‘सेवा संकल्प अभियान’, अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर

0
2

लखनऊ, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान के तहत गुरुवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मरीजों को फलों की टोकरियां वितरित कीं। भाजपा का यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी ने पूरे प्रदेश में सेवा गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के अस्पतालों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ के सिविल अस्पताल से फल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है और इसी तरह की गतिविधियां राज्य के अन्य अस्पतालों में भी आयोजित की जा रही हैं। उनके मुताबिक, रक्तदान शिविरों के जरिए भी लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस तरह प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ जहां भाजपा के सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रमों का केंद्र बना है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से भी जोड़ा गया है। भाजपा के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम, युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े आयोजन समेत कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

वहीं, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की ओर से सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र तैयार किए जाने की योजना को लेकर भी ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का घोषणापत्र “गुंडे और माफिया” तय करते हैं। उन्होंने ‘एक जिला, एक माफिया’ को समाजवादी पार्टी का उद्देश्य बताया।

दरअसल, समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए राज्य के 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र तैयार करने की योजना सामने रखी है। पार्टी के मुताबिक, इन घोषणापत्रों में स्थानीय मुद्दों, आकांक्षाओं और विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं को शामिल किया जाएगा।