इस्लामाबाद, 18 सितंबर (आईएएनएस)। स्थानीय मीडिया की शुक्रवार की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के कुछ ही घंटों बाद, पाकिस्तानी मानवाधिकार वकील ईमान जैनब मजारी-हजीर और उनके पति हादी अली चट्टा को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया और इस्लामाबाद की आतंकवाद-रोधी अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की एक डिवीजन बेंच ने सोशल मीडिया पोस्ट मामले में दोनों वकीलों की सजा पर रोक लगा दी, जिसके बाद उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट (आईएचसी) के रवैये पर सवाल उठाए। बेंच ने कहा कि यह अजीब बात है कि आईएचसी ने सुप्रीम कोर्ट के 12 मई के आदेश का जिक्र तो किया, लेकिन उसका पालन नहीं किया।
मदारी-हाजिर और चट्टा को 23 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था और एंटी-टेररिज्म कोर्ट (एटीसी) ने उन्हें 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया था। 24 जनवरी को, डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट ने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मामले में कई आरोपों के तहत दोनों को 17-17 साल की जेल और 36-36 मिलियन पाकिस्तानी रुपए का जुर्माना लगाया।
दोनों वकीलों ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट में अपनी सजा को चुनौती दी और बाद में सजा पर रोक लगाने की अपील दायर की। ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, चूंकि मामला आईएचसी में लंबित था, इसलिए दोनों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और सजा पर रोक लगाने की मांग की।
12 मई को, सुप्रीम कोर्ट ने आईएचसी को आदेश दिया कि वह उनकी सजा पर रोक लगाने की याचिकाओं पर फैसला करे। हालांकि, चार महीने बीत जाने के बाद भी आईएचसी ने इन याचिकाओं पर कोई फैसला नहीं सुनाया है।
25 अगस्त को, पाकिस्तान के ह्यूमन राइट्स काउंसिल ने मजारी-हाजिर की बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता जताई और जेल के अंदर मेडिकल सुविधाओं की स्थिति को चिंताजनक बताया।
यह बयान उनके परिवार की ओर से उनकी बिगड़ती सेहत पर चिंता जताने और जेल में उपलब्ध मेडिकल सुविधाओं की पर्याप्तता पर सवाल उठाने के बाद आया।
परिवार के अनुसार, ईमान एक हफ्ते से चेस्ट इन्फेक्शन से जूझ रही थी।
खबरों के मुताबिक, ब्लड टेस्ट में व्हाइट ब्लड सेल की संख्या ज्यादा पाई गई, जो इन्फेक्शन का संकेत था। परिवार ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की संभावना को खत्म करने और कारण का पता लगाने के लिए चेस्ट एक्स-रे की जरूरत थी, लेकिन जेल प्रशासन ने यह टेस्ट नहीं करवाया।
बयान में कहा गया कि हमारी चिंता इस बात से और बढ़ गई है कि अदियाला जेल के महिला सेक्शन में जिन कैदियों को संक्रामक बीमारियां हैं, उन्हें अलग नहीं रखा जाता और वे दूसरी कैदियों और बच्चों के साथ घुल-मिल जाती हैं। महिलाओं के लिए मेडिकल सुविधाएं और डॉक्टरों की उपलब्धता बहुत ही खराब स्थिति में है। एचआरसी-पाकिस्तान ने पाकिस्तानी अधिकारियों से ईमान और सभी महिला कैदियों को तुरंत और अच्छी क्वालिटी का इलाज देने की मांग करते हुए कहा कि जेल में होने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति से स्वास्थ्य का अधिकार छीन लिया जाए।
संगठन ने कहा कि हिरासत में मौजूद हर व्यक्ति की जान, सेहत और सम्मान की सुरक्षा सीधे तौर पर राज्य और जेल प्रशासन की जिम्मेदारी है। चाहे मामला राजनीतिक, कानूनी या किसी भी तरह का हो, किसी भी कैदी को जरूरी मेडिकल सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता।
अधिकारों के लिए काम करने वाली इस संस्था ने ईमान का तुरंत चेस्ट एक्स-रे और पूरी मेडिकल जांच कराने, और जरूरत पड़ने पर उन्हें किसी सही अस्पताल में भेजने की मांग की।
इसने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे सभी महिला कैदियों को स्पेशलिस्ट मेडिकल केयर, दांतों के इलाज, जरूरी दवाओं और जांच की सुविधाओं तक तुरंत पहुंच उपलब्ध कराएं। एचआरसी ने कहा कि ईमान और हादी की लंबित कानूनी याचिकाओं पर निष्पक्ष और समय पर न्यायिक कार्यवाही होनी चाहिए।
