SGSU Advertisement
Home अपराध भोपाल में महिला आरटीओ अफसर की हत्या के बाद प्रेमी ने की...

भोपाल में महिला आरटीओ अफसर की हत्या के बाद प्रेमी ने की खुदकुशी

0
6

भोपाल 21 सितंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी ने अपनी कथित प्रेमिका और दतिया में आरटीओ इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ मीनाक्षी गोखले की हथौड़ा मारकर हत्या कर दी। बाद में पवन द्विवेदी ने पेड़ से लटक कर खुदकुशी कर ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला लेकपर्ल कॉलोनी का है।

मीनाक्षी रविवार रात को अपनी सहेली कृतिका और बेटी के साथ दतिया से भोपाल आई थी। कृतिका और मीनाक्षी की बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी जबकि मीनाक्षी अन्य कमरे में थी। यह मकान पवन द्विवेदी का है। बताया गया है कि कृतिका जब सोमवार सुबह जागी तो उसने कमरे में मीनाक्षी का जमीन पर पड़ा शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। खजूरी सड़क क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची तो मीनाक्षी का शव जमीन पर पड़ा था और वहीं पास में एक हथौड़ा मिला है जो खून से सना हुआ था।

पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच विवाद हुआ होगा और पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़ा मार दिया होगा। पवन को जानने वालों का कहना है कि वह मीनाक्षी से शादी करना चाहता था और संभवत: यही बात विवाद की वजह बनी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच पड़ताल शुरू की तो पाया कि घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ पर पवन का शव लटका हुआ है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस बात का पता चला है कि पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था और संभवत: उसी को लेकर विवाद हुआ होगा, फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बताया गया है कि पवन मूल रूप से सीधी का निवासी है और इंदौर में पहले कोचिंग क्लास चलता रहा है। पवन और मीनाक्षी की इंदौर में ही मुलाकात हुई थी। मीनाक्षी की शादी हो चुकी है और 2 साल पहले उसका तलाक भी हो गया था।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम