SGSU Advertisement
Home मनोरंजन काम से मिलने वाला सुकून है सफलता की असली निशानी- नायला ग्रेवाल

काम से मिलने वाला सुकून है सफलता की असली निशानी- नायला ग्रेवाल

0
8

मुंबई, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एक कलाकार के लिए सफलता का मतलब समय के साथ बदलता रहता है। करियर की शुरुआत में जहां बड़े सपने अक्सर घर, गाड़ी, नाम और पहचान जैसी चीजों से जुड़े होते हैं, वहीं अनुभव बढ़ने के साथ काम से मिलने वाली खुशी और संतुष्टि ज्यादा मायने रखने लगती है। एक्ट्रेस नायला ग्रेवाल भी अपने करियर के साथ सफलता को देखने का नजरिया बदलने की बात कहती हैं।

आईएएनएस ने इंटरव्यू के दौरान जब नायला से पूछा कि आप इंडस्ट्री में काम करते हुए सफलता को कैसे परिभाषित करती हैं, तो उन्होंने कहा, ”करियर की शुरुआत में मेरे लिए सफलता का मतलब बिल्कुल अलग था। शुरुआत में मेरे लिए मुंबई में घर होना, कार खरीदना और दूसरी भौतिक चीजें हासिल करना सफलता का पैमाना था। लेकिन अब मेरे लिए असली सफलता तब है, जब दिनभर सेट पर काम करने के बाद मैं घर लौटूं और मुझे महसूस हो कि मैंने अपना 100 फीसदी दिया है।”

उन्होंने कहा, ”मेरे लिए आज के समय में सफलता की परिभाषा किसी बड़ी चीज को हासिल करने से ज्यादा अपने काम से संतुष्ट होना है। लंबे समय तक सेट पर रहने के बाद जब मैं घर लौटती हूं और मुझे लगता है कि मैंने अपने किरदार और काम के लिए पूरी मेहनत की। यही एहसास मेरे लिए सफलता का बड़ा उदाहरण है। मेरे लिए दिन के आखिर में यह महसूस करना जरूरी है कि मैंने अपना समय सही जगह लगाया और अपना बेस्ट देने की कोशिश की।”

नायला ने कहा, ”दर्शकों को काम पसंद आना सफलता का एक बड़ा हिस्सा होता है। जब लोग मेरे काम को पसंद करते हैं और अभिनय को सराहते हैं, तो मुझे लगता है कि मेरी मेहनत सही दिशा में जा रही है। अब मेरे लिए सफलता सिर्फ वह नहीं है, जो बाहर से दिखाई देती है, बल्कि वह एहसास भी है जो किसी प्रोजेक्ट के बाद मुझे अंदर से मिलता है।”

अपने अब तक के सफर के बारे में बात करते हुए नायला ने कहा, ”मैंने दिल्ली से अपने एक्टिंग सफर की शुरुआत की थी। कॉलेज के थिएटर से शुरू हुआ यह सफर आज मुझे मुंबई तक ले आया है, जहां मैं अब फुल-टाइम एक्टिंग कर रही हूं। मेरे लिए यह बदलाव खुद में एक बड़ी उपलब्धि है। मेरे लिए अब तक का सफर काफी संतोष देने वाला रहा है, क्योंकि मुझे शुरुआत से ही बेहतरीन निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिला।”

उन्होंने कहा, ”मैंने इम्तियाज अली के साथ काम किया है। उनके अलावा, अश्विनी अय्यर तिवारी, अनुभव सिन्हा और हाल में राहुल पांडे के साथ भी काम किया। मैं निर्देशक एटली के साथ भी काम कर रही हूं। इन निर्देशकों के साथ जुड़ना मेरे लिए बेहद खास रहा है। मैं हमेशा अपने करियर में इसी मुकाम तक पहुंचना चाहती थीं। हालांकि, मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। मैं अभी भी सीख रही हूं और आगे बढ़ रही हूं।”