SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी की पहल से 18,452 गांवों तक पहुंची बिजली, करोड़ों घरों...

पीएम मोदी की पहल से 18,452 गांवों तक पहुंची बिजली, करोड़ों घरों को मिला कनेक्शन

0
8

नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर एक्स हैंडल ‘मोदी स्टोरी’ ने भारत में गांवों और घरों तक बिजली पहुंचाने की पहल को लेकर एक पोस्ट साझा किया है। पोस्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री बनने के समय देश के हजारों गांव अब भी बिजली से वंचित थे और बाद में विभिन्न योजनाओं के जरिए सभी गांवों तक बिजली पहुंचाई गई।

पोस्ट के मुताबिक, जब नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने, तब भारत के 18,452 गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी। इसके बाद उन्होंने शेष सभी गांवों तक बिजली पहुंचाने का मिशन शुरू किया।

पोस्ट में कहा गया है कि दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत देश के सभी गांवों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया गया। इसके बाद सौभाग्य योजना के माध्यम से गांवों से आगे बढ़ते हुए घर-घर बिजली पहुंचाने का अभियान चलाया गया और 2.86 करोड़ परिवारों को बिजली कनेक्शन दिए गए।

मोदी स्टोरी ने यह भी कहा कि इस पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री बनने से पहले गुजरात में हो चुकी थी। पोस्ट के अनुसार, नरेंद्र मोदी ने 2006 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए ज्योतिग्राम योजना शुरू की, जिसके तहत 18,000 से अधिक गांवों तक बिजली पहुंचाई गई।

पोस्ट में दावा किया गया है कि इस योजना की उपलब्धियों से प्रभावित होकर तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम गुजरात पहुंचे, एक ज्योतिग्राम गांव का दौरा किया और योजना को राष्ट्र को समर्पित किया।

पोस्ट के अनुसार, ज्योतिग्राम योजना के पहले 1,000 दिनों में करीब 20 लाख बिजली के खंभे लगाए गए, एक लाख किलोमीटर बिजली लाइन बिछाई गई और 18,000 से अधिक गांवों का विद्युतीकरण किया गया।

पोस्ट के अंत में इसे प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताया गया है।